गुरसहायगंज (कन्नौज)। मेड़बंदी कराने पहुंचे राजस्व निरीक्षक पर कई लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया और सरकारी अभिलेख फाड़ दिए। राजस्व निरीक्षक ने भाग कर अपनी जान बचाई। राजस्व निरीक्षक की तहरीर पर पुलिस ने 11 नामजद समेत 20 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की है।
गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सफीपुर निवासी जगदीश चंद्र ने अपने खेत की मेड़बंदी का सदर एसडीएम अविनाश गौतम की कोर्ट में मुकदमा दायर किया था। एसडीएम ने मेड़बंदी के आदेश दिए थे। रविवार की दोपहर राजस्व निरीक्षक पर्वेंद्र कुमार गांव में मेड़बंदी कराने गए तो पैमाइश के दौरान गांव के नूरुद्दीन, इकरारउद्दीन, सकरुद्दीन, हाशिम, सद्दाम, बारिश खां, लादेन खां, शाहरुख खां, सलमान, सद्दाम, जुबेर समेत 20 लोगों ने मेड़बंदी का विरोध किया और लाठी-डंडा लेकर दौड़ पड़े।
राजस्व निरीक्षक का आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने गाली-गलौज किया और सरकारी अभिलेख भी छीनकर फाड़ दिए व मोबाइल तोड़ दिया। किसी प्रकार बचकर वह मौके से भाग कर दूसरे गांव पहुंचे और अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। सूचना पाकर कोतवाल जयप्रकाश शर्मा पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और राजस्व निरीक्षक को कोतवाली ले गए। राजस्व निरीक्षक पर्वेंद्र कुमार ने 11 नामजद समेत 20 लोगों के खिलाफ गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और सरकारी कार्य में बाधा डालने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।