हसेरन(कन्नौज)। क्षेत्र के ग्राम गदनापुर में एक किसान ने ससुराल से लौटने के बाद रात में किसी समय खेत में फांसी लगा ली। सुबह खेत में एक पेड़ पर अंगोछे के फंदे में शव लटका मिला। परिजन आर्थिक तंगी के चलते परेशान होने की बात कह रहे हैं।
गदनापुर निवासी ज्ञानेंद्र कुमार उर्फ लक्खे (35) पुत्र कप्तान सिंह किसान थे। चाचा मुन्ना ने बताया कि जब वह खेत पहुंचे तो उन्होंने लक्खे को फंदे में लटका देखा, मौत हो चुकी थी। जानकारी पाकर परिजन व चौकी इंचार्ज अरिमर्दन सिंह मौके पर पहुंच गए। बड़े भाई टीटू ने बताया कि लक्खे पिछले कई दिनों से आर्थिक तंगी से परेशान थे। परिवार के पास एक समय दस बीघा जमीन थी, बिकते-बिकते अब ढाई बीघा बची है। लॉकडाउन शुरू होने के कुछ हफ्ते पहले भी एक बीघा जमीन लक्खे ने पिता से बिकवा दी थी। परिवार में पत्नी दीपा, तीन साल की बेटी सौम्या है। हादसे के समय पत्नी मायके सकरानी गढ़िया थाना तालग्राम में थी। लक्खे गुरुवार देर शाम ससुराल से लौटकर घर आया था।
चौकी इंचार्ज अरिमर्दन सिंह ने बताया कि शनिवार को शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। परिजन आर्थिक तंगी बता रहे लेकिन इसके बारे में लेखपाल की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। यह भी संभव है कि ससुराल में कोई बात हुई हो, जिसके चलते लौटकर फांसी लगा ली। परिवार की तहरीर के आधार पर जांच व कार्रवाई की जाएगी।