कन्नौज। कटरी के बाढ़ग्रस्त क्षेत्र में गंगा की तेज लहरों से कटान हो रहा है, इससे ग्रामीणों में दहशत है। सोमवार को गंगा का जलस्तर 278 सेंटीमीटर कम हो गया। हालांकि चौधरी चरण सिंह गंगा बैराज से 80,447 क्यूसेक पानी और छोड़ा गया है। जिसका असर एक दो दिन में देखने को मिल सकता है और कटरी के बाशिंदों की दिक्कतें बढ़ सकती हैं।
गंगा का जलस्तर सोमवार को 124.780 मीटर दर्ज किया गया। जबकि रविवार को जलस्तर 125.050 मीटर था। सोमवार को जलस्तर में 278 सेंटीमीटर की कमी आई है, लेकिन गंगा की तेज लहरों से कटान बढ़ गया है। गंगा व काली नदी की तलहटी के खेत जलधारा के साथ नदियों में समा रहे हैं। इससे कटरी के गांवों की दिक्कतें बढ़ गई हैं।
गंगा खतरे के निशान से 1.190 मीटर नीचे बह रही हैं। बाढ़ के प्रकोप व कटान बढ़ने से कटरी क्षेत्र के लगभग 70 से अधिक गांवों में जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। फसलें बर्बाद हो चुकी हैं, इससे भरण पोषण की समस्या पैदा हो गई है। अभी भी खेतों में जलभराव है। ग्रामीण नावों के सहारे आवागमन करने के लिए विवश हैं। वहीं, ग्रामीण बाढ़ की विभीषिका से बचने के लिए सुरक्षित स्थानों की तलाश में जुटे हैं।