कन्नौज। नकदी धनराशि जमा करने पर टैक्स लगाए जाने से पेट्रोल पंप संचालकों में आक्रोश बढ़ गया। इससे संचालकों ने बैठक कर चर्चा कर टैक्स विरोध की योजना बनाई।
शहर के यूपीटी में बुधवार को उत्तर प्रदेश पेट्रोलियम ट्रेडर्स एसोसिएशन जिलाध्यक्ष विजय द्विवेदी की अध्यक्षता में बैठक हुई।
विजय द्विवेदी ने कहा कि रोजाना पेट्रोल पंपों पर नकदी अधिक आती है, जब इसे बैंक में जमा किया जाता है तो ढाई प्रतिशत टैक्स देना पड़ रहा है।
इस पर सभी डीलरों ने नाराजगी व्यक्त की।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि पेट्रोल पंप पर अक्सर लोग बोतल में पेट्रोल न देने पर विवाद कर देते हैं।
जब बोतल में बिक्री करते हैं तो अफसर पंप कर्मी पर ही कार्रवाई कर देते हैं।
बैठक में कहा गया कि जीटी रोड और अन्य मार्गों पर स्थित पंप के सामने डिवाइडर या दीवार बनाई जा रही, इसका भी व्यापारियों ने एक सुर में विरोध किया।
जिलाध्यक्ष ने बताया जल्द ही पंप डीलरों की समस्याओं को लेकर डीएम और एसपी से मुलाकात कर समाधान करने की मांग की जाएगी।
पंपों की सुरक्षा की मांग भी हुई। पूर्व में नदसिया के रिशेंद्र द्विवेदी और सिकंदरपुर के सिद्घार्थ दोहरे का बीते दिनों बीमारी के चलते निधन हो गया था, उनको सभी डीलरों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान पूर्व विधायक अनिल दोहरे, सीतश चतुर्वेदी, इन्द्र कुमार गुप्ता, संजीव गुप्ता, राहुल दोहरे, अनुपम दुबे, राजू भदौरिया, दिलीप गोयल, अनिल, यूसुफ और सागर अग्रवाल मौजूद रहे।