हसेरन। क्षेत्र के ग्राम मिर्जापुर निवासी सत्यम (16) को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पिता ने पड़ोसी गांव के तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
मंगलवार को नादेमऊ चौकी क्षेत्र के ग्राम मिर्जापुर में गोविंद के खेत में पेड़ पर सत्यम का शव लटका मिला था। परिजनों ने पड़ोसी गांव खिरिया निवासी सर्वेंद्र सिंह, जितेंद्र पुत्र साहब सिंह व भानू पुत्र जितेंद्र पर उसको आत्महत्या करने के लिए उकसाने का आरोप लगाया। सत्यम के पिता राजू के आने के बाद पुलिस शव को फंदे से उतार पाई थी। पुलिस ने पिता राजू की तहरीर पर तीनों युवकों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कर लिया।
राजू ने बताया कि ग्राम खिरिया निवासी सर्वेंद्र सिंह पुत्र साहब सिंह ने उसके बेटे सत्यम, शालू पुत्र गोविंद, अमित पुत्र अरविंद व ब्रजेश पुत्र बांकेलाल निवासी ग्राम मिर्जापुर के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट, गालीगलौज व जान से मारने की धमकी देने का फर्जी मुकदमा दर्ज कराया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद सर्वेंद्र सिंह, भानु व जितेंद्र सिंह उसके बेटे को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। तभी उनका बेटा आत्महत्या करने को मजबूर हो गया।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक विजय बहादुर वर्मा ने बताया कि पीड़ित पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फांसी की पुष्टि हुई है।