कन्नौज। महिला कर्मी से दुष्कर्म के बाद सयुस के पूर्व जिलाध्यक्ष समेत उनकी पत्नी व चार भाइयों के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया गया है। पूर्व जिलाध्यक्ष पर तीन लोगों से आबकारी व सचिवालय में नौकरी लगवाने के नाम पर 11 लाख रुपये लेने व रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। पुलिस ने एसआई को जल्द जांच कर कार्रवाई के आदेश दिए हैें।
कानपुर देहात के थाना रसूलाबाद भारामऊ, रामनगर निवासी पुष्पेंद्र, सत्येंद्र कुमार व अनिल कुमार ने बताया कि उसकी थाना गुरसहायगंज के मिश्रापुर निवासी रिश्तेदार भाई अर्जुन सिंह, सुनील कुमार, सुदीप कुमार व गीतम ने सपा युवजन सभा (सयुस) के पूर्व जिलाध्यक्ष छिबरामऊ निवासी आफाक खान से मुलाकात करवाई। इस दौरान आफाक खान की पत्नी भी मौजूद थीं।
आरोप है उन्होंने आबकारी विभाग व सचिवालय में नौकरी लगवाने के नाम पर चार साल पहले 11 लाख रुपये ले लिए। छह माह में नियुक्ति पत्र देने का आश्वासन दिया। कई माह बीत जाने के बाद भी नियुुक्ति पत्र नहीं मिला तो रुपये वापस मांगे। हर बार रुपये देने के लिए समय बढ़ाते रहे। 15 जुलाई 2019 को जब साथियों के साथ घर पर जाकर रुपये मांगे तो पूरे परिवार की सामूहिक हत्या करने, दुष्कर्म व जघन्य अपराध में फंसाने की धमकी दी। पीड़ितों ने रुपये न मिलते देख सयुस के पूर्व जिलाध्यक्ष, उनकी पत्नी व चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि एसआई को जांच सौंपी गई है। जांच पड़ताल के बाद कार्रवाई की जाएगी।
महिला कर्मी से दुष्कर्म के मामले में भेजा गया जेल
महिला कर्मी से दुष्कर्म के मामले में सयुस के पूर्व जिलाध्यक्ष आफाक खान को जेल भेजा जा चुका है। इस मामले की जांच महिला थानाध्यक्ष पूनम अवस्थी कर रही हैं। उन्होंने बताया कि महिला कर्मी ने सयुस जिलाध्यक्ष पर जो भी आरोप लगाए, उनकी जांच के लिए दोनों का डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।