फोटो-13 रामगंगा पुल पर मरम्मत का काम होने की वजह से रोके वाहनों की लगी कतार। संवाद
राजेपुर। इटावा-बरेली हाईवे पर बदहाल रामगंगा पुल की मरम्मत का काम मंगलवार सुबह शुरू कर दिया गया। इसके चलते पुल पर डिवाइडर लगाकर एक तरफ से ही वाहनों को गुजारा गया। इससे पुल के दोनों ओर वाहनों की एक-एक किलोमीटर दूर तक कतार लगी रही। पुल की मरम्मत में एक माह का समय लगेगा। इस दौरान इसी तरह रोक-रोक कर वाहन निकाले जाएंगे।
रामगंगा पुल की हालत लंबे समय से खराब है। इससे यहां जाम लगना तो आम बात हो गई। पिछले एक माह में दो बड़ी दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। पहले गन्ना लदा ट्रक रेलिंग तोड़कर रामगंगा में गिर पड़ा था। इसके बाद मक्का लदा ट्रक पुल के गड्ढों की वजह से रेलिंग तोड़कर लटक गया था। इसके बाद एनएचएआई के अधिकारियों की नींद टूट गई। मंगलवार सुबह पुल के बीच में डिवाइडर लगाए जाने के बाद पश्चिम की ओर के गाटर निकाले जाने का काम शुरू किया गया।
इससे पहले पुल के एक ओर राजेपुर थाना पुलिस ने और पुल के दूसरी तरफ शाहजहांपुर के अल्लाहगंज थाना पुलिस ने वाहनों को रोकना शुरू कर दिया। करीब 15 से 20 मिनट तक वाहनों को पुल से पहले रोक कर बारी-बारी से निकाला गया। इससे किलोमीटर दूर तक वाहनों की कतार लगती रही। वहीं राजेपुर थाना पुलिस ने पुल से कुछ दूरी पर निबिया तिराहे पर भी फोर्स तैनात कर दिया था। वाहन रोके जाने के दौरान दो पहिया तो दूर पैदल यात्रियों को भी पुल से नहीं गुजरने दिया गया।
पुल की मरम्मत करा रहे सूर्या कंस्ट्रक्शन के कर्मचारी विवेक सिंह ने बताया कि एक ओर तीन दिन में गाटर निकालने के बाद सीमेंट आदि का काम कर लिया जाएगा। इसके बाद 15 दिन तक उसे पकने के लिए छोड़ दिया जाएगा। इसके बाद दूसरी साइड के गाटर बदलने का कार्य होगा। एनएचएआई के साइट इंजीनियर विश्वास मिश्रा ने बताया कि पुल की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है। तेजी से काम कराया जाएगा।