कन्नौज। शासन के निर्देश पर रविवार को जिले के 32 ग्रामीण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और चार नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में कुल 1670 मरीजों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला। इनमें 753 पुरुष, 681 महिलाएं और 236 बच्चे शामिल रहे।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. स्वदेश गुप्ता के निर्देशन में आयोजित मेले का निरीक्षण नोडल अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भी किया। स्वास्थ्य मेले में मरीजों की नि:शुल्क जांच और इलाज की व्यवस्था की गई। इसके अलावा बच्चों और गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण, परिवार कल्याण संबंधी परामर्श, हेपेटाइटिस बी एवं सी की जांच, टीबी संभावित मरीजों की स्क्रीनिंग, नेत्र रोगियों का परीक्षण तथा आयुष्मान भारत योजना के तहत गोल्डन कार्ड बनाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।
आयुष्मान भारत योजना के तहत 41 लाभार्थियों के गोल्डन कार्ड भी बनाए गए ।प्रत्येक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सकों के साथ स्टाफ की तैनाती की गई थी, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। मेले के माध्यम से लोगों को विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।