फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राशन, पेंशन, वजीफा, मनरेगा से भी लिंक होगा आधार कार्ड

Sat, 17 Jan 2015 11:42 PM IST
अमर उजाला, ब्यूरो, कन्नौज
विज्ञापन
विज्ञापन
गैस कनेक्शन के साथ ही मनरेगा, दशमोत्तर छात्रवृत्ति, राशन कार्ड और पेंशन योजनाओं में भी आधार कार्ड लिंक किया जाएगा। आधार कार्ड मार्च तक न बनवाने वालों को इसके बाद सरकार की योजना का लाभ पाने के लिए दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। शासन के आदेश के बाद जिला प्रशासन ने इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
विज्ञापन


मुख्य सचिव आलोक रंजन ने डीएम को भेजे निर्देश में कहा है कि सरकार की ओर से चलाई जा रहीं पेंशन योजनाएं (वृद्धावस्था, विकलांग, विधवा आदि) समेत प्रमुख पांच जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत चयनित पात्रों के डाटा बेस का डिजिटलाइजेशन मार्च तक किया जाएगा। इस डाटा को आधार कार्ड से लिंक कराया जाएगा।

आधार कार्ड को लिंक करने का कार्य फरवरी से शुरू करा दिया जाएगा। जिले के अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है जिन लाभार्थियों का आधार कार्ड नहीं बना है, उनके आधार कार्ड मार्च 2015 तक प्रत्येक दशा में बन जाएं। जिनके पास आधार कार्ड संख्या नहीं होगी उन्हें मार्च 2015 के बाद शासन की योजनाओं का लाभ मिलने में कठिनाई हो सकती है।
विज्ञापन


मनरेगा में जिन लाभार्थियों के आधार कार्ड बन चुके हैं उनकी आधार कार्ड संख्या विभागीय जनपद स्तरीय अधिकारियों की देखरेख में सचिव सत्यापित सूची में दर्ज करेंगे। जिनके आधार कार्ड नहीं बने हैं उनको केंद्र पर लगाकर आधार कार्ड बनवाने का काम भी सचिव करेंगे।

इसी तरह जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला विकलांग कल्याण अधिकारी, जिला प्रोवेशन अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे पेंशन धारकों के सत्यापन की प्रक्रिया मार्च तक पूरी कर लें। जिन पात्र पेंशनरों के आधार कार्ड बन गया है उनकी आधार कार्ड संख्या सत्यापन सूची के साथ-साथ एकत्र करें।

समाज कल्याण, ओबीसी व अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के अफसरों को निर्देश दिए गए हैं कि वे विभाग से संचालित छात्रवृत्ति योजना के संबंध में अगले शैक्षिक सत्र की प्रवेश परीक्षा में आधार कार्ड नंबर उपलब्ध कराना अनिवार्य कराने पर विचार करें।

इसी तरह राशन कार्ड धारकों को भी आधार कार्ड बनवाने के लिए जागरूक करने की जिम्मेदारी डीएसओ को सौंपी गई है। राशनकार्ड धारक परिवार के मुखिया के आधार कार्ड की संख्या भी मार्च 2015 तक राशन कार्ड में अंकित कराना जरूरी है।

जो ऐसा नहीं करेंगे उनको राशन मिलने में कठिनाई का सामना करना पड़ सकता है। शासन ने निर्देश दिए हैं कि कालेजों में कैंप लगाकर छात्रों के आधार कार्ड बनाए जाएं। मदरसों में आधार कार्ड बनवाने के लिए कैंप लगवाएं।

दावे के अनुरूप डाटा लिंक होने के आसार नहीं
शासन ने भले ही मार्च 2015 तक आधार कार्ड का डाटा लिंक करने की समय सीमा निर्धारित कर दी हो, लेकिन ऐसा हो पाने के आसार नहीं हैं। जिले में करीब 60 हजार वृद्धावस्था पेंशन धारक, 10500 विकलांग पेंशन धारक हैं, जबकि मनरेगा जाबकार्ड धारकों व राशन कार्ड धारकों और वजीफा पाने वाले छात्रों की तादात एक लाख से ऊपर है। ऐसे में अफसर भी मान रहे हैं कि तीन महीने की समय सीमा कम है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें