कन्नौज। चर्चित शिक्षक अपहरण कांड बॉलीवुड थ्रिलर फिल्म जैसा साबित हुआ। 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने वाले बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस को काफी भागदौड़ करनी पड़ी। अपराधियों ने आधुनिक तकनीक का सहारा लिया। तो कन्नौज पुलिस ने भी एक कदम आगे बढ़कर अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित कंपनी के हेड ऑफिस तक ई-मेल भेज डाला था।
कस्बे तिर्वा के मोहल्ला कालिकानगर निवासी राहुल राजपूत, जो तालग्राम ब्लॉक क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय टिकुरियनपुरवा में सहायक अध्यापक हैं। 14 जुलाई को स्कूल से घर लौट रहे थे, तभी कार सवार बदमाशों ने उनका अपहरण कर लिया। बाद में 21 जुलाई को राहुल गाजियाबाद के संयुक्त अस्पताल में रहस्यमय हालात में भर्ती मिले थे। अपहरणकर्ताओं ने परिजनों से 10 लाख रुपये की फिरौती मांगने के लिए शिक्षक के मोबाइल में कवर-मी एप डाउनलोड करवाया था। इस एप की खासियत यह है कि यह कॉल और मैसेज को एनक्रिप्ट कर देता है, जिससे पुलिस लोकेशन ट्रेस नहीं कर पाती है।
लोकेशन न मिलने पर पुलिस को शक हुआ कि अपहरणकर्ता तकनीक के अच्छे जानकार हैं। इस पर पुलिस अधीक्षक ने तुरंत मोर्चा संभाला और कवर-मी एप के कैलिफोर्निया स्थित मुख्यालय को आधिकारिक ई-मेल भेजकर अपराधियों की लोकेशन और डेटा डिटेल्स मांगी। हालांकि, अभी तक वहां से कोई रिप्लाई नहीं आया है। इससे पहले ही पुलिस ने घटना का खुलासा कर दिया। एसपी विनोद कुमार का कहना है कि शिक्षक का अपहरण काफी तैयारी के साथ किया गया था। लोकेशन ट्रेस न हो, इसके लिए कवर-मी एप का प्रयोग किया गया। कैलीफोर्निया ऑफिस में एक ई-मेल भेजा गया था, जिसका अभी तक जवाब नहीं आया है। फरार आरोपी की तलाश में दो टीमें लगीं हैं, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दोस्तों ने ही किया था अपहरण
तकनीक और मुखबिरों की मदद से जब पुलिस ने पूरे मामले का पर्दाफाश किया तो चौंकाने वाली बात सामने आई। अपहरण की यह पूरी पटकथा शिक्षक राहुल के ही दोस्तों ने लिखी थी। मास्टरमाइंड व मुख्य आरोपी कटरा बहसार निवासी अविनाश राजपूत, लोहामढ़ निवासी सर्वेंद्र कुशवाहा, तिर्वा निवासी केशव पंडित और सागर ने यह प्लान किया। लोहामढ़ निवासी प्रमेश ने सिद्धार्थनगर के एक जनसेवा केंद्र (काॅमन सर्विस सेंटर) का बैंक खाता फिरौती के लिए उपलब्ध कराया था। यही नहीं प्रमेश पुलिस की हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए अखबारों की कटिंग अपहरणकर्ताओं को भेजता था।
सागर की तलाश में दबिश तेज
शिक्षक के अपहरण में शामिल तिर्वा निवासी सागर अभी पुलिस की पकड़ से दूर है। सीओ सिटी शिल्पा वर्मा ने बताया कि सागर ने ही शिक्षक राहुल को कार में डाला था। बाद में उसकी बाइक इंदरगढ़ खड़ी करने गया था। पुलिस ने मास्टर माइंड अविनाश राजपूत, सर्वेंद्र, केशव पंडित व प्रमेश को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। सागर की तलाश में पुलिस की दबिशें तेज हो गईं हैं।