घायल से जानकारी करते सीओ दीपक दुबे।
- फोटो : KANNAUJ
तिर्वा(कन्नौज)। पुरानी रंजिश में दो बाइकों पर सवार चार लोगों ने भट्ठा मैनेजर पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गंभीर हालत में मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख कानपुर रेफर कर दिया। मेडिकल कालेज पहुंचे सीओ ने घटना की जानकारी ली।
कोतवाली इलाके के प्रतापपुर गांव के अमन सिंह(28) भदौरिया ईंट भट्ठे पर मैनेजर हैं। यह शुक्रवार दोपहर कस्बे के आंबेडकर नगर में रहने वाले दोस्त राहुल प्रजापति के साथ कन्नौज मोबाइल सही कराने गए थे। यहां से शाम छह बजे बाइक से लौटते समय फगुआ भट्ठे के पास दो बाइकों पर सवार चार लोगों ने रास्ता रोक लिया। यह हमला करने लगे। हमला देख दोस्त पीछे हट गया। वह खेतों में भाग गया। बाइक सवार चार लोगों ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं। दिनदहाड़े गोली चलने से दहशत फैल गई। गोली लगने से अमन गंभीर रूप से घायल हो गए। इन्हें गंभीर हालत में मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। जानकारी पर पहुंचे सीओ दीपक दुबे, कोतवाल शैलेंद्र कुमार ने घायल के साथ ही दोस्त से जानकारी ली।
अमन को हालत नाजुक देख कानपुर रेफर कर दिया गया। पिता गोविंद सिंह ने बताया कि चारों आरोपियों में एक जिला बदर है। इसके बाद भी कस्बे में घूमता रहता है। पहले भी मारपीट की घटना हो चुकी थी। रंजिश को लेकर गोली मारकर घायल किया है। सीओ दीपक दुबे ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजा जाएगा।