छिबरामऊ। बार एसोसिएशन के चुनाव में रामचंद्र मिश्रा ने अरविंद सिंह राठौर को 14 वोटों से हराकर अध्यक्ष पद पर अपना परचम फहराया। राजीव दीक्षित को हराकर चंद्रजीत यादव महामंत्री बने, अनूप दीक्षित को हराकर फहीमुज्जमा खां वरिष्ठ उपाध्यक्ष बने। विजेताओं को उनके समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया।
शनिवार को निर्वाचन अधिकारी रामचंद्र यादव, राजीव सिंह, दफेदार, राकेश दुबे, विजय त्रिपाठी व आरएन त्रिपाठी के निर्देशन में सुबह साढ़े आठ बजे से दोपहर तीन बजे तक मतदान हुआ। इसके तुरंत बाद मतगणना शुरू हो गई। देर शाम आरएन त्रिपाठी ने चुनाव परिणाम की घोषणा की। जिसमें अध्यक्ष पद पर रामचंद्र मिश्रा को 142, अरविंद सिंह राठौर 128, महामंत्री पद पर चंद्रजीत यादव को 178, राजीव दीक्षित को 91, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर फहीमुज्जमा खां को 176, अनूप दीक्षित को 89, कनिष्ठ उपाध्यक्ष प्रथम पद पर राजीव बाथम को 181, अजीत प्रताप सिंह को 131 व रामबाबू शाक्य को 122 मत हासिल हुए। जैसे ही अध्यक्ष पद पर रामचंद्र मिश्रा, महामंत्री पर चंद्रजीत यादव, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पर फहीमुज्जमा खां व कनिष्ठ उपाध्यक्ष प्रथम पर राजीव दीक्षित व अजीत प्रताप सिंह की जीत की घोषणा की गई, उनके समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया। इस दौरान पूर्व विधायक संतोष चतुर्वेदी, रमाकांत दीक्षित, शिवनाथ सिंह यादव, शिवराम सिंह चौहान, सरोज दुबे, संजीव तिवारी, हाकिम सिंह यादव, जितेंद्र श्रीवास्तव जीतू, ललित प्रताप सिंह, सुशील पांडेय, विशाल दुबे, अंजू पटेल, रुपेश दुबे व दिलीप तिवारी सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।
इनसेट....
94.73 फीसदी अधिवक्ताओं ने किया मतदान
बार एसोसिएशन में अध्यक्ष, महामंत्री, वरिष्ठ उपाध्यक्ष व कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर मतदान कराया गया। नौ प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 285 अधिवक्ताओं को करना था। सुबह साढ़े आठ बजे से शुरू होकर दोपहर तीन बजे तक चली मतदान प्रक्रिया में 270 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। 94.73 फीसदी मतदान ने अधिवक्ताओं की मतदान के प्रति जागरुकता को दर्शाया।
मतदान स्थल के बाहर ही जमे रहे प्रत्याशी
शनिवार को अधिवक्ता सभागार में मतदान प्रक्रिया शुरु होने के बाद सभी प्रत्याशी बाहर ही जमे रहे। मतदान स्थल पर आने वाले सभी अधिवक्ताओं के उम्र में छोटे प्रत्याशी पैर छूकर आशीर्वाद मांग रहे थे और उन्हें अपना बैलेट पेपर दे रहे थे। वहीं बड़े प्रत्याशी सिर्फ अपना ध्यान रखने की बात कर रहे थे। मतदान प्रक्रिया पूरी होने के बाद जैसे ही मतगणना शुरु हुई तो प्रत्याशी और उनके समर्थक खेमों में बंटे हुए दिखाई दिए। सभी अपने-अपने पक्ष में चुनावी गणित लगाते रहे। पहले राउंड के बाद जैसे ही परिणाम आने शुरु हुए, प्रत्याशियों की बेकरारी बढ़ रही थी।
इनसेट....
मतगणना के बाद हुई शोकसभा
मतगणना के बाद जब प्रत्याशियों की जीत की घोषणा हुई, उसके बाद वरिष्ठ अधिवक्ता राममोहन तिवारी के निधन पर शोक सभा की गई। सभी अधिवक्ताओं ने राममोहन तिवारी को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी जीते हुए प्रत्याशियों ने जीत का जश्न न मनाने की घोषणा की।
वोट डालते पूर्व विधायक संतोष चतुर्वेदी। संवाद- फोटो : CHIBRAMAU
वोट डालने पहुंचे वरिष्ठ अधिवक्तागण। संवाद- फोटो : CHIBRAMAU
पैर में चोट होने के बाद महिला अधिवक्ता। संवाद- फोटो : CHIBRAMAU