कन्नौज। राज्यमंत्री असीम अरुण के नाम पर ठगी करने वाले युवक की निशानदेही पर पुलिस फर्जी मोहर और लेटर पैड बरामद किए। पुलिस अधिकारियों को आशंका है कि गैंग में आरोपी के भाई के अलावा कई अन्य लोग भी शामिल हैं। छानबीन कर जल्द अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
इटावा के फ्रेंडस कॉलोनी 39-ए निवासी विप्लव चौधरी ने समाज कल्याण राज्यमंत्री असीम अरुण से शिकायत की थी। इसमें बताया था कि कलक्ट्रेट रोड निवासी शिव कुमार दुबे, उसके भाई सत्यम दुबे ने उनके नाम पर नौकरी लगवाने के लिए पर 30 हजार रुपये ठग लिए। राज्यमंत्री के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
मंगलवार को पुलिस ने आरोपी शिवम दुबे को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर बुधवार को कोतवाली प्रभारी राजकुमार ने राज्यमंत्री असीम अरुण के नाम के फर्जी 20 लेटर पैड और तीन मोहर बरामद की। पुलिस ने आरोपी के घर से कंप्यूटर जब्त कर सर्विलांस टीम ने डाटा की जांच शुरू की।
बुधवार को एसपी कुंवर अनुपम, एएसपी अरविंद कुमार और सीओ प्रियंका बाजपेई ने खुलासा किया। एसपी ने बताया कि पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है। आशंका है कि कई अन्य लोग भी जुड़े है। छानबीन कर सभी लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
राज्यमंत्री के कार्यालय के पास है आरोपी का घर
आरोपी शिवम दुबे का घर कलक्ट्रेट रोड पर है। घर के पास ही राज्यमंत्री असीम अरुण का कार्यालय है। आरोपी घर में कैफे के साथ-साथ जलपान की दुकान किए है। फरियाद लेकर कार्यालय पहुंचने वाले लोगों से धन उगाही कर वह अधिकारियों पास राज्यमंत्री के फर्जी लेटर पैड पर उनके हस्ताक्षर कर भेजता था।