कन्नौज। कुपोषण को मात देने के लिए चल रहा अभियान दम तोड़ रहा है। बाल विकास परियोजनाएं और स्वास्थ्य महकमे के बड़े दावों के बावजूद जिले में कुपोषण का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। खेलने की उम्र में नौनिहाल कुपोषण से जंग लड़ रहे है।
जनवरी 2022 से अबतक जिले में शून्य से पांच साल तक के एक लाख 82 हजार 904 बच्चों का आंगनबाड़ी केंद्रों में पंजीकरण हुआ। इसमें से एक लाख 65 हजार 230 का वजन कराया गया। इसमें 15 हजार 896 बच्चे कुपोषिण श्रेणी में पाए गए। इनमें से एक हजार 152 अति कुपोषित और तीन हजार 155 गंभीर कुपोषित मिले हैं। साल 2021 के आंकड़ों के अनुसार जिले में तीन हजार 778 गंभीर कुपोषित और 666 अति कुपोषित बच्चे पाए गए थे। इस बार 486 बच्चे अधिक अति कुपोषित मिले हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग पर इन बच्चों को सेहतमंद बनाने की बड़ी चुनौती है।
कुपोषण को लेकर चल रहे अभियानों की वह समीक्षा करेंगे। नए साल से आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को हॉट कुक्ड मिलने लगेगा। कमियों को दूर कर जनपद कुपोषण मुक्त किया जाएगा। शुभ्रांत शुक्ल (डीएम)
ब्लॉकवार अति कुपोषित बच्चों के आंकड़ों पर एक नजर
कन्नौज -111
जलालाबाद -143
उमर्दा -300
हसेरन -50
गुगरापुर -88
छिबरामऊ -213
सौरिख -184
तालग्राम -63
32 अति कुपोषित को उपचार का इंतजार
अति कुपोषित बच्चों को सेहतमंद बनाने के लिए जिला अस्पताल में पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) वार्ड है। यहां सिर्फ 10 बेड की व्यवस्था है। 14 दिनों तक अति कुपोषित बच्चों को भर्ती करना होता है। कम बेड के कारण अधिकांश बच्चों को इंतजार करना पड़ता है। मौजूदा समय करीब 32 अति कुपोषित बच्चे इंतजार सूची में बेड खाली होने के इंतजार में हैं।
16 टीमें एक माह में खोज पाईं तीन अति कुपोषित
कुपोषित बच्चों को सेहतमंद बनाने के लिए जिले में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) की 16 टीमें भ्रमण कर रही है। टीम में शामिल चिकित्सकों को कर्मचारी से लेकर वाहन तक मुहैया कराए गए हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार नवंबर माह में सिर्फ तीन अति कुपोषित बच्चों को टीमें खोज पाई। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि कुपोषण के बजट से किस तरह जिम्मेदारों की जेब भर रहीं हैं।
ये रहा कुपोषण का ग्राफ
वर्ष -अति कुपोषित बच्चे
2020 - 559
2021 -666
2022 -1152