कन्नौज ठठिया इलाके में 30 मई को आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से 13 गांवों में करीब 800 हेक्टेयर में फसलें प्रभावित हुई हैं। नुकसान के आकलन में लगी छह टीमों ने एसडीएम को रिपोर्ट सौंप दी है।
प्रभावित किसानों और अन्य क्षतिपूर्ति का आकलन कराया जा रहा है। यह रिपोर्ट दो दिन में आने की उम्मीद है। सुर्सी और भुन्ना में फसलों में सबसे ज्यादा तबाही हुई है।
नायब तहसीलदार मोहित लाल की अगुवाई में कानूनगो और लेखपालों की छह टीमों को नुकसान के आकलन में लगाया गया था। राजस्व टीमों ने पहली रिपोर्ट एसडीएम को सौंपी है। रिपोर्ट के मुताबिक 13 गांवों में करीब 800 हेक्टेयर में फसलों को शत-प्रतिशत नुकसान पहुंचा है।
दीवार गिरने, मवेशी मरने, मकान क्षतिग्रस्त होने, पेड़ टूटने से आर्थिक क्षति हुई है। एसडीएम जयकरन ने बताया कि यह रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। नुकसान का किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।