बीआरसी में संचालित स्कूल परिसर में भरा पानी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
मानसून की बारिश से स्कूलों में जलभराव हो गया है। बच्चों को स्कूल जाने के लिए पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। मंगलवार रात हुई बरसात से ब्लाक संसाधन केंद्र परिसर में पानी भर गया। जलभराव होने से स्कूल पहुंचने वाले शिक्षकों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ी। इस परिसर में प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों का संचालन है।
स्कूल पहुंचने वाले शिक्षक व छात्र-छात्राओं को पानी से होकर विद्यालय पहुंचना पड़ा। इसी परिसर में मूक बधिर छात्रों का आवासीय विद्यालय भी संचालित हो रहा है। पानी भरने से उनको भी दिक्कतें उठानी पड़ेंगी। बीएसए एपी सिंह ने कहा कि कर्मचारियों को पानी निकालने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि, बच्चों को किसी तरह की दिक्कत न हो।
वहीं, ब्लाक संसाधन केंद्र के मुख्य भवन में भी बरसात का पानी भर गया। ब्लाक समन्वयकों ने बताया कि भवन नीचे बना होने के कारण बरसात के दिनों में पानी भर जाता है, जिस कारण काफी दिक्कतें होती है। विभाग के पास इस समस्या का फिलहाल कोई निदान नहीं है।