कन्नौज। रेलवे बोर्ड यात्रियों की सुविधाओं को देखते हुए ट्रेनों की संख्या में इजाफा कर रहा है। अब 17 जनवरी से कानपुर-आनंद विहार के बीच ट्रेन चलाई जाएगी। यह विशेष ट्रेन कानपुर-फर्रुखाबाद होते हुए चलेगी। कालिंदी एक्सप्रेस के बाद दिल्ली जाने वाली यह दूसरी ट्रेन होगी।
रेलवे बोर्ड ने कोरोना संक्रमण के बाद ट्रेनोें के संचालन पर रोक लगा दी थी। कुछ समय बाद परिवहन सेवाएं तो शुरू हो गईं, ट्रेनों का संचालन नहीं हुआ। अब रेलवे बोर्ड ने धीरे-धीरे ट्रेनों का संचालन शुरू किया है। 17 जनवरी से कानपुर-आनंद विहार के बीच वाया कन्नौज एक जोड़ी स्पेशल ट्रेन संख्या 04161 व 04162 चलाने का निर्णय लिया गया है। यह ट्रेन 17 जनवरी को कानपुर सेंट्रल से सुबह 7:50 बजे रवाना होकर कन्नौज नौ बजकर तीन मिनट पर पहुंचेगी। गुरसहायगंज, कमालगंज होते हुए 10:55 बजे फर्रुखाबाद पहुंचेगी। यहां से 11:20 पर रवाना होकर भोगांव, मैनपुरी, शिकोहाबाद, टूंडला, अलीगढ़ होते हुए शाम छह बजकर 20 मिनट पर आनंद विहार पहुंचेगी।
इसी तरह वापसी में यह ट्रेन 17 जनवरी को आनंद विहार से शाम 6 बजकर 45 मिनट पर रवाना होकर अलीगढ़, टूंडला, शिकोहाबाद, मैनपुरी, भोगांव, फर्रुखाबाद होते हुए मध्य रात्रि के बाद 2:35 बजे फर्रुखाबाद पहुंचेगी। यहां से रवाना होकर कमालगंज गुरसहायगंज, कन्नौज होते हुए सुबह 6:20 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी।