कन्नौज। रबी सीजन में किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के लिए डीएम के निर्देश पर कृषि विभाग ने कमर कस ली है। विभाग की टीम ने मंगलवार को 36 बीज दुकानों पर छापा मारा। 23 बीजों के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे हैं। कार्रवाई से बीज माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है।
जिला कृषि अधिकारी संतलाल गुप्ता ने बताया कि लगातार मिल रही शिकायतों के बाद यह अभियान चलाया गया। टीम ने बीज की गुणवत्ता, एक्सपायरी डेट, लाइसेंस और स्टॉक रजिस्टर की गहनता से जांच की। मलिकपुर स्थित शिवांश बीज भंडार व ईराग बीज भंडार के पास बिक्री रजिस्टर, बिल बुक और अन्य अभिलेख अधूरे मिले। टीम ने दोनों दुकानदारों को नोटिस थमाया है और चार दिन के भीतर स्पष्टीकरण तलब किया है। स्पष्टीकरण संतोषजनक न मिलने पर लाइसेंस निलंबन और दुकान सील करने की कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार प्रयोगशाला से रिपोर्ट आने के बाद अमानक बीज बेचने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने सभी विक्रेताओं को चेतावनी दी कि किसानों को बिल देना अनिवार्य है और निर्धारित मूल्य से अधिक दाम वसूलने पर कार्रवाई होगी। किसानों ने विभाग की इस कार्रवाई की सराहना की है। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की कि बीज खरीदते समय पक्का बिल जरूर लें और किसी भी गड़बड़ी की सूचना विभाग को दें।
23 बीजों के सैंपल जांच को भेजे
रबी सीजन की बोआई से पहले कृषि विभाग ने गुणवत्ता जांच तेज कर दी है। टीम ने सरसों, गेहूं, बरसीम, जौ, जई, चना, मटर, मसूर, अलसी सहित कई प्रमुख फसलों के बीज शामिल हैं। विभाग का कहना है कि रिपोर्ट आते ही अमानक बीज विक्रेताओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।