पुलिस और पीएसी के साथ बिजली विभाग की सात टीमों ने
कस्बे में सघन चेकिंग अभियान चलाया। भारी लाव-लश्कर देख उपभोक्ताओं में
हड़कंप मच गया। तमाम लोग अपनी दुकानें बंद कर भाग गए। इस दौरान 80 दुकानों
को चेक किया गया। 20 व्यापारियों का लोड बढ़ाया गया। 15 दुकानदार बिजली
चोरी करते पकड़े गए।
गुरुवार को स्थानीय विद्युत उपकेंद्र पर पहुंचे
चीफ इंजीनियर धनीराम मौर्या व अधीक्षण अभियंता विनोद गंगवार, अधिशाषी
अभियंता पी.राम, अधिशाषी अभियंता परीक्षण सुभाष सचान ने जिले भर से आए
एसडीओ व जेई की सात टीमें गठित की। उन्हें कस्बे के जीटी रोड, तिर्वा रोड,
पूर्वी रेलवे क्रासिंग सहित कई क्षेत्रों में चेकिंग के लिए रवाना किया।
सुरक्षा
व्यवस्था के लिए सीओ सिटी करन सिंह, एसडीएम छिबरामऊ संदीप कुमार, कोतवाली
के एसएसआई लालचंद्र, थानाध्यक्ष ठठिया संतोष व्यास, थानाध्यक्ष तालग्राम
इमरान खां सहित भारी पुलिस व पीएसी को लगाया। प्रत्येक टीम ने बिजली विभाग
के दस से अधिक लोगों को रखा गया। भारी लाव-लश्कर देख व्यापारी दहशत में आकर
अपनी दुकानें बंद कर खिसक लिए।
एसडीओ अरविंद गौतम ने बताया कि
पूरे दिन चले चेकिंग अभियान में 80 कामर्शियल कनेक्शन चेक किए गए। इसमें 20
का लोड बढ़ाया गया। 15 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी का मामला मिलने पर उनके
खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है।