पालिका बोर्ड की हुई बैठक में सभासदों ने जल निगम के
खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। अधूरे पड़े कार्यों को लेकर नाराजगी जताई। वहीं
बैठक में कस्बा का मुख्य चौराहा सहित दो पार्कों का सुंदरीकरण करने के
अलावा कई प्रस्तावों पर सहमति बन गई।
चेयरमैन राधा गुप्ता की अध्यक्षता
में हुई बैठक में सभासद रामबाबू ने केंद्रों पर बीएलओ के न आने की शिकायत
की। सभासद इरशाद खां, डाक्टर शमशाद खां आदि ने जल निगम द्वारा कस्बे में
डाली गई पाइप लाइन में भारी धांधली का आरोप लगाया है। कहा कि जल निगम ने
पाइप लाइन बिछाने में गहराई का मानक प्रयोग नहीं किया है।
कहीं पर एक फुट
तो कई जगह दो से ढाई फुट गहरी पाइप लाइन बिछाई है। जल निगम द्वारा खोदी गई
सड़कों को अब तक ठीक न करने से लोगों को जहां आवागमन में दिक्कते हो रहीं,
वहीं तमाम लोग उखड़ी सड़क में गिरकर चुटहिल हो चुके हैं। सभासद मुश्ताक खां
ने सर्दी के मौसम को देखते हुए तत्काल 15 सौ कंबलों को खरीद कर गरीबों में
बांटने की मांग की।
सभासद छविराम ने गांधीनगर में कई दिनों से पानी न
पहुंचने व आजादनगर में अंबेडकर पार्क के सुंदरीकरण की बात कही। सभासद
रामचंद्र ने खराब हैंडपंपो को ठीक करवाने की मांग की। चेयरमैन राधा गुप्ता
ने कहा कि कस्बा के मुख्य चौराहा व रामगंज बाईपास स्थित पार्क, आजादनगर
स्थित अंबेडकर पार्क सहित किदवईनगर में बने बारातघर का सुंदरीकरण शीघ्र
किया जाएगा।
कहा सभी वार्डों में विकास कार्य कराए जा रहे हैं। सोलर लाइटों
की खरीद के प्रयास किए जा रहे हैं। क्रय होती ही उन्हें हर वार्ड में
लगवाया जाएगा। ईओ बीडी भट्ट ने कहा कि सभी सहयोग करें तो विकास कार्य तेजी
से कराए जा सकेंगे। बैठक में इंद्र गुप्ता, सभासद जीतू गुप्ता, मुशाहिद
खां, अयूब सिद्दीकी, पप्पन गुप्ता आदि मौजूद थे।