जिला स्तरीय शांति कमेटी की बैठक में मौजूद डीएम रवींद्र कुमार, एसपी अमरेंद्र प्रसाद और एएसपी विनो?
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। नागरिकता संशोधन कानून को लेकर जिले में शांति व्यवस्था के लिए थाना से जिला स्तरीय शांति कमेटी की बैठक हुई। धर्म गुरुओं को अधिकारियों ने कानून को लेकर जानकारी दी। इससे जुड़ी जानकारियों के पंफलेट भी बांटे। धर्म गुरुओं ने राष्ट्रगान गाकर अमन-चैन का संकल्प लिया।
गुरुवार को शासन के निर्देश पर जिले के सभी थानों में शांति कमेटी की बैठक हुई। सुबह 11 बजे सदर कोतवाली में एसडीएम सदर शैलेष कुमार और सीओ श्रीकांत प्रजापति की अध्यक्षता में हुई बैठक में शहर के मौलवी, मौलानाओं और संभ्रांत लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई। एसडीएम ने नागरिकता संशोधन कानून को लेकर विस्तार से जानकारी दी। इसके बाद पंफलेट बांटे। धर्म गुरुओं और संभ्रांत लोगों ने राष्ट्रगान गाकर अमन-चैन का संकल्प लिया।
शाम को कलक्ट्रेट में डीएम रवींद्र कुमार और एसपी अमरेंद्र प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में शांति कमेटी की जिला स्तरीय बैठक हुई। यहां डीएम ने कहा कि शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी लोग नमाज अदा कर शांति से घर लौटेंगे। अगर कोई व्यक्ति अफवाह फैलाता है तो उसके बारे में प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को जानकारी दें। वहीं एसपी ने कहा कि सभी लोगों के सहयोग से ही शांति व्यवस्था संभव है। इस दौरान मौलाना अहमद शहीद, हाजी मोहम्मद रफीक आलम, नसीब हसन, आफाक खान, नूरूल हसन, अख्तर हुसैन, डॉ. मजीदुल और भोले कुरैशी और नन्हूं खां मौजूद रहे।