पुलिस लाइन गंगा रोड पर बेकाबू ट्रैक्टर ने सामने से
बाइक में टक्कर मार दी। इससे साले की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बहनोई
गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना देख आसपास के लोगों ने चालक को पकड़कर
पिटाई शुरू कर दी, और जमकर हंगामा काटा।
बाद में पहुंचे पुलिस और
प्रशासनिक अधिकारियों ने समझा-बुझाकर शव को कब्जे में लिया। मिली जानकारी
के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के जुकैया गांव निवासी रामकिशोर का 16
वर्षीय पुत्र घनश्याम लोधी अपने चचेरे बहनोई लालाराम (28) पुत्र राजाराम
निवासी बिन्नी थाना बिलग्राम जनपद हरदोई के साथ बाइक पर बैठकर पुलिस लाइन
की ओर आ रहा था।
जैसे ही वह गांव से निकलकर नौ बजे के करीब मुख्य मार्ग पर
पहुंचा, तभी बालू लेने जा रहे बेकाबू ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी।
इससे घनश्याम व लालाराम सड़क पर गिर पड़े। घनश्याम की मौके पर ही मौत हो
गई। लोगों ने ट्रैक्टर लेकर भाग रहे चालक को मौके पर पकड़कर पीटना शुरू कर
दिया।
तभी पुलिस लाइन तिराहे पर मौजूद पुलिस के कुछ जवान मौके पर पहुंच गए।
बाद में कोतवाली पुलिस भी मौके पर पहुंची और चालक को छुड़ाकर कब्जे
में लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने मार्ग जाम कर हंगामा शुरू कर दिया। घायल
को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
उधर, घटना की सूचना मिलते ही एसडीएम
सदर सुनील कुमार शुक्ला व सीओ करन सिंह, कोतवाली प्रभारी श्यामवीर सिंह ने
मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया। बाद में उन्होंने शव को कब्जे में
लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। किशोर के पिता की तहरीर पर ट्रैक्टर चालक के
खिलाफ सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।