कन्नौज। पुलिस ने देर रात शहर के पाल चौराहा स्थित एक धर्मकांटे से संदिग्ध हालात में तारकोल से भरे दो टैंकर पकड़े हैं। यह टैंकर मथुरा से बलिया जा रहे थे। पुलिस को आशंका है कि टैंकर से तारकोल को उतारकर काफी दिनों से गड़बड़ी की जा रही थी। पुलिस ने चार पर रिपोर्ट दर्ज कर पूछताछ शुरू की है।
सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने अफसरों की शिकायत पर शहर के पाल चौराहा स्थित एक धर्मकांटे पर पुलिस बल के साथ छापामारी की। यहां संदिग्ध हालात में तारकोल से भरे दो टैंकर पकड़ लिए। बताया गया कि टैंकर मथुरा से तारकोल लेकर बलिया जा रहे थे। पुलिस की पूछताछ में सभी ने अलग-अलग जवाब दिए। धर्मकांटे पर खडे़ होने की वजह पूछने पर गोलमोल जवाब दिया। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में ले लिया है।
पकड़े गए लोगों ने अपना नाम और पता हाथरस के सहाबाद नगला वैरू निवासी चंद्रपाल पुत्र बाबूलाल, मथुरा के शेरगढ़ अगरियाला निवासी हरिवीर पुत्र सखनी, मथुरा के रिफाइनरी मुहारस निवासी सौदान पुत्र दुर्गाप्रसाद, मथुरा के थाना सुरील तेहरा निवासी गौरव पुत्र हेत सिंह बताए हैं। दोनों टैंकर को कब्जे में लेकर पुलिस कोतवाली ले आई। पुलिस दिनभर छानबीन में लगी रही। पुलिस को शिकायत मिली कि कुछ लोग कन्नौज में टैंकर से थोड़ा-थोड़ा कर तारकोल को उतारकर इकट्ठा कर लेते हैं। बाद में उसे बेच देते। यह काम कई दिनों से हो रहा है। इसकी कई बार शिकायत की गई। इन्हें पकड़ा नहीं जा सका। इस बार पुलिस ने सटीक जानकारी मिलने पर इन्हें पकड़ लिया। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
पूर्ति विभाग ने की तारकोल की जांच
पुलिस के दो टैंकर पकड़े जाने की सूचना पर पूर्ति विभाग भी जांच में जुट गया। जिला पूर्ति अधिकारी केके गुप्ता व पूर्ति निरीक्षक श्याम सिंह कुरील ने टैंकर में भरे तारकोल की जांच की। इन्हें टैंकर में डीजल या अन्य मिलावटी तरल पदार्थ होने का अनुमान था। पूर्ति टीम जांच पड़ताल के बाद लौट गई।