मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि देश की जनता धर्मांतरण नहीं बल्कि विकास चाहती है। भाजपा धर्मांतरण का हौवा खड़ा करके देश की जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है, लेकिन समाजवादी पार्टी उसकी इस कोशिश को कामयाब नहीं होने देगी।
सैफई महोत्सव से लखनऊ जाते वक्त मुख्यमंत्री का जगह-जगह स्वागत किया गया। इस दौरान पार्टी के जिला कार्यालय में वह कुछ देर के लिए रूके। यहां बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि भाजपा ने केवल सपने दिखाए। अब धर्मांतरण के जरिए जनता को गुमराह कर रही है। जबकि प्रदेश की समाजवादी पार्टी विकास को वरीयता दे रही है।
बिजली, पानी, सड़क सरीके सभी आधारभूत सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं को गिनाते हुए कहा कि प्रदेश में डाक्टरों की कमी खत्म करने के मुद्दे पर भी कार्य हो रहा है। डाक्टरों को तैयार करने के साथ ही मेडिकल कालेज खुलवाया जा रहा है।
किसानों के लिए भी तमाम योजनाएं शुरू कर की गई है। बिल्हौर तहसील को कन्नौज जिले से जोड़ने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यदि इस प्रकार की कोई मांग लेकर आता है तो वह बिल्हौर के लोगों से बातचीत जरूर करेंगे।