नोटिस बोर्ड पर फाड़ी गई प्रवेश योग्यता सूची।
- फोटो : अमर उजाला
पंडित सुंदरलाल मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में अपनी मांगें पूरी करवाने को पिछले तीन दिन से अनशन पर बैठे छात्र गुरुवार को उग्र हो गए। छात्रों ने महाविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बीए प्रथम वर्ष की योग्यता सूची फाड़ डाली। कर्मचारियों को बंधक बना लिया। प्राचार्य ने सात छात्र नेताओं के खिलाफ सदर कोतवाली में एनसीआर दर्ज कराई है। उधर, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष नीलू यादव के साथ छात्र नेताओं और प्राचार्य के बीच वार्ता हुई।
वार्ता के बाद अनशन खत्म कर दिया गया। छात्रसंघ अध्यक्ष राजू यादव अपने साथी चंद्रभान यादव उर्फ चंदन यादव और अन्य के साथ पिछले तीन दिन से महाविद्यालय में अनशन पर बैठे थे। उन्होंने बीए प्रथम वर्ष में शिक्षा के अंतराल होने पर भी प्रवेश में छूट देने, बीएड की प्रवेश फीस कम करने, बीएड में टीचिंग व प्रयोगात्मक परीक्षा में वसूली पर रोक लगाने की मांग उठा रखी थी। सुनवाई न होने पर गुरुवार को तमाम छात्र बवाल करने लगे।
जानकारी मिलने पर कोतवाली प्रभारी वीके गौतम फोर्स लेकर कालेज पहुंचे और छात्रों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद प्राचार्य से वार्ता हुई। वार्ता में प्राचार्य ने छात्रों की कुछ मांगें मानने का भरोसा दिया। इस पर अनशन खत्म कर दिया गया। बाद में प्राचार्य सुनीति मिश्रा ने सदर कोतवाली में तहरीर दी। इसमें आरोप लगाया कि कानपुर के गांव बरुआहार निवासी चंद्रभान यादव उर्फ चंदन यादव ने कुछ छात्रों के साथ कर्मचारियों को बंधक बना लिया। सरकारी कार्य में बाधा डाली। पुलिस ने छात्रों के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर ली।