इंदरगढ़। तहसील क्षेत्र के सिरसा ग्राम पंचायत में प्रस्तावित अन्नपूर्णा मॉडल शॉप की दुकान के स्थान बदलने से बुधवार को ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने तय स्थान के बजाय दुकान को किसी अन्य स्थान पर बनाने की जानकारी मिली। तब ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर पूर्व स्थान पर दुकान बनाने की मांग की।
सिरसा गांव निवासी अमित कुमार, आजाद, देवेंद्र, संगीत, नरेंद्र सिंह,अरविंद आदि ग्रामीणों का कहना है कि पहले जिस स्थान पर राशन की दुकान बनाने का निर्णय लिया गया था। वह ग्राम पंचायत के बीचों-बीचथा। उस स्थान तक पहुंचना बुजुर्गों, महिलाओं, दिव्यांगों और जरूरतमंद परिवारों के लिए काफी सुविधाजनक था। अब बिना ग्राम सभा और ग्रामीणों की सहमति के दुकान का स्थान बदल दिया गया है जिससे दूरदराज के लोगों को राशन लेने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि नया स्थान कुछ खास लोगों के हितों को ध्यान में रखकर चुना गया है जबकि आम जनता की सुविधा की अनदेखी की गई है। प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए मांग की कि राशन की दुकान को पूर्व निर्धारित स्थान पर ही स्थापित किया जाए। एसडीएम राजेश कुमार ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक को मौके पर भेजकर मामले की जांच कराई जाएगी।