कन्नौज। सदर तहसील में अधिवक्ताओं का विरोध-प्रदर्शन लगातार जारी है। शनिवार को समाधान दिवस के दौरान भी अधिवक्ता विरोध-प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी करते रहे। इस दौरान तहसील के अधिवक्ताओं ने चैंबर को बंद कर दिया। नोटरी की दुकानें भी बंद रहीं। इससे तहसील पहुंचे फरियादी काफी परेशान हुए। समाधान दिवस के दौरान अपनी शिकायत को टाइप करवाने और नोटरी करवाने की उनकी उम्मीद पर पानी फिर गया।
रजिस्ट्रार के विरोध में तहसील के अधिवक्ताओं की ओर से जारी विरोध-प्रदर्शन दिनोंदिन तेज हो रहा है। विरोध करने वाले अधिवक्ताओं का कहना है कि प्रशासन उनकी मांग की अनदेखी कर रहा है। जब तक मांग पूरी नहीं हो जाती है, तब तक विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा। शनिवार को भी विरोध-प्रदर्शन के दौरान उसी मांग को दोहराया गया, जिसे लेकर अधिवक्ता नाराज हैं। अधिवक्ताओं ने कहा कि रजिस्ट्री कार्यालय के अफसरों की कार्यशैली खराब है। वहां अधिवक्ताओं से अभद्रता की जाती है। इसकी जानकारी सीनियर अफसरों तक भी पहुंचाई गई। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। ऐसे में उनका विरोध-प्रदर्शन जारी रहेगा। अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेंद्र कटियार की अगुआई में अजय यादव, शकील अहमद, विनोद त्रिवेदी, रामदेव शुक्ला, हीरालाल, मुकेश कटियार, वीरपाल यादव, श्रीकृष्ण, अजय श्रीवास्तव, अंकित श्रीवास्तव सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे।
-
भटकते रहे फरियादी, मायूस होकर लौटे
अधिवक्ताओं के विरोध-प्रदर्शन के दौरान शनिवार को अधिवक्ताओं के चैंबर बंद रहे। नोटरी की दुकानें भी बंद रहीं। इससे वहां पहुंचने वाले फरियादी परेशान होकर भटकते रहे। खासकर समाधान दिवस के तहत तसहील पहुंचे फरियादी अपनी शिकायत नहीं लिखवा सके। बड़ी संख्या में फरियादी मायूस होकर लौट गए।