छिबरामऊ। साथी के साथ अभद्रता से आक्रोशित वकीलों ने सिटी इंचार्ज के खिलाफ मोर्चा खोल दिया और बुधवार को भी हड़ताल पर रहने का एलान किया है। वकीलों के न्यायिक कार्य से विरत रहने पर लोग परेशान रहे। वकीलों ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके साथी को हवालात में रखकर उनको अपमानित किया है।
मंगलवार को बार एसोसिएशन छिबरामऊ के अध्यक्ष रामचंद्र मिश्रा व महासचिव चंद्रजीत यादव ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए मंगलवार व बुधवार को हड़ताल पर रहने का एलान कर दिया। उन्होंने बताया कि उनके साथी वकील सादिक खान के साथ सिटी इंचार्ज विनय शर्मा व चार अन्य पुलिस कर्मियों ने अभद्रता की।
आरोप है कि पांच दिसंबर की दोपहर को बिना कसूर धक्कामुक्की करके गालीगलौज करते हुए हवालात में 30 मिनट तक रखकर उनको अपमानित किया। पुलिस की कार्यशैली से वकीलों में रोष व्याप्त है और वह दो दिन तक हड़ताल पर रहकर आंदोलन करेंगे।