फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ब्लाक कार्यालयों में जड़े ताले, विकास भवन में प्रदर्शन

विज्ञापन
प्रदर्शन करते ब्लाक कर्मचारी। संवाद - फोटो : KANNAUJ
विज्ञापन
कन्नौज। ब्लाक कर्मी की आत्महत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को परिवार के साथ कर्मचारियों ने आरोपी पीडी की गिरफ्तारी को लेकर मोर्चा खोल दिया। जिले के सभी ब्लाक भवनों के कार्यालय में ताला बंद कर कर्मचारी विकास भवन पहुंचे। यहां सभी कार्यालयों में ताला लगवाकर कर्मचारियों के साथ मुख्य गेट पर धरने पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। इस दौरान कई फरियादी लौट गए। इधर, अनिश्चितकालीन हड़ताल की घोषणा कर कई संघ के पदाधिकारियों और कर्मचारियों ने समर्थन दिया।
विज्ञापन

सदर ब्लाक में प्रधान सहायक पद पर तैनात अशोक सविता ने तीन दिसंबर को ब्लाक तेराजाकेट स्थित आवास पर फांसी लगा ली थी। उनके पास से मिले सुसाइड नोट में परियोजना निदेशक और कन्नौज ब्लाक के प्रभारी सुशील कुमार सिंह पर उत्पीड़न का आरोप लगाया गया था। मृतक के बेटे आशीष ने परियोजना निदेशक के खिलाफ गुरसहायगंज कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सोमवार को पीडी की गिरफ्तारी, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और एक करोड़ मुआवजे की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया। जिले के सभी ब्लाकों में तालाबंदी कर कर्मचारी विकास भवन पर एकत्र हुए। यहां विकास भवन के कार्यालयों में भी कामकाज बंद कराते हुए ताले लगा दिए। इसके बाद मृतक की पत्नी सुमन, बेटा आशीष, रंजीत और बेटी निधि के साथ मुख्य गेट पर धरना देते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने पीडी की गिरफ्तारी न होने पर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
राज्य कर्मचारी जिलाध्यक्ष सतेंद्र मोहन शर्मा ने कहा कि अधिकारी आरोपी पीडी को बचाने का प्रयास कर रहे हैं। पीडी की गिरफ्तारी और सभी मांगें पूरी नहीं होंगी तब तक अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। हड़ताल को कई कर्मचारी संघ ने समर्थन दिया। इस दौरान संजीव कुमार यादव, फारुख जाफरी, बृजेश कुमार, राम महेश कटियार, नवीन कुमार, ओमकार सिंह, सुुशील कुमार, प्रियंका सिंह, रेनू यादव, पूजा सिंह, नीलम शर्मा, हरीशंकर, अजीत कुशवाहा मौजूद रहे।
विज्ञापन

हंगामा कर सीडीओ को मुख्य गेट से लौटाया
कलक्ट्रेट में बैठक कर जब मुख्य विकास अधिकारी आरएन सिंह कार से विकास भवन पहुंचे तो प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने हंगामा कर उन्हें मुख्य गेट पर ही रोक लिया। हंगामा देखकर वे कार से वापस चले गए। कर्मचारियों ने सीडीओ पर भी कर्मचारियों के उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं।
भटकते रहे बीमार बुजुर्ग दंपती, नहीं हुआ काम
हड़ताल के चलते दूरदराज से काम कराने आए फरियादियों को भटकना पड़ा। मिश्रीपुर इब्राहिमपुर निवासी बुजुर्ग कमल को कैंसर है। वह बीमार पत्नी सुशीला के साथ विकास भवन आए थे। उन्होंने बताया कि एमएलसी पुष्पराज ने एमएलसी निधि से उनके उपचार के खर्च की भरपाई के लिए परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण के लिए पत्र लिखा है। वह करीब दो घंटे इंतजार कर रहे हैं। सभी कार्यालयों में ताले लगे हुए हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें