सीएचसी पर एंबुलेंस खड़ी कर प्रदर्शन करते पायलट व ईएमटी।
- फोटो : CHIBRAMAU
छिबरामऊ में तीन महीने से मानदेय न मिलने परेशान एंबुलेंस चालकों ने बुधवार को सीएचसी परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने अधिकारियों पर अभद्र व्यवहार और शोषण करने का भी आरोप लगाया। चौबीस घंटे में मानदेय न मिलने पर गुरुवार से भूख हड़ताल की चेतावनी दी है।
जीवनदायिनी एंबुलेंस कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष राहुल सिंह यादव ने बताया कि कोरोना महामारी में एंबुलेंस चालकों व ईएमटी ने दिन-रात काम किया। इसके बावजूद तीन महीने से मानदेय नहीं दिया गया है। इससे परिवार चलाना मुश्किल हो गया है। उधार लेकर और घरों से पैसे मंगवाकर गुजारा कर रहे हैं।
आरोप लगाया कि मानदेय मांगने पर एंबुलेंस संचालन करने वाली कंपनी के अधिकारी अभद्र व्यवहार करते हैं। बिना कारण मानदेय में कटौती कर दी जाती है। मानदेय न मिलने के कारण पिछले महीने भी चालकों ने चक्का जाम किया था। जिलाध्यक्ष ने कहा कि चौबीस घंटे में मांग पूरी न होने पर गुरुवार से भूख हड़ताल शुरू करेंगे।
प्रदर्शन करने वालों में रिषी कुमार, आदेश कुमार, विजय वीर सिंह, प्रदीप कुमार, वीरपाल सिंह, नरेंद्र सिंह, संतोष कुमार गुप्ता, आदेश, सुखवीर सिंह, सौरभ सिंह, पृथ्वीराज, दुर्गेश कुमार, विपिन कुमार, विश्वनाथ प्रताप शामिल रहे।