सदर कोतवाली क्षेत्र के मेहंदीपुर गांव जाने वाले मार्ग पर कब्जा किए जाने को लेकर ग्रामीणों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। बाद में डीएम को शिकायती पत्र सौंपा। जल्द कार्रवाई न होने पर दोबारा प्रदर्शन करने की चेतावनी ग्रामीणों ने दी।
मेहंदीपुर गांव निवासी प्रधान राकेश, सुभाष दुबे, रविशंकर, शिवशंकर, रामशंकर, विमल, महेश चंद्र, दयाराम वर्मा, रणजीत सिंह, कमलेश, शिवम, मोतीलाल आदि दर्जनों ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि गांव की गाटा संख्या 323 अभिलेखों में आम रास्ता है। ग्राम सभा सैयदपुर सकरी के आमीन अली पुत्र सहजुद्दीन अली, मेहराजुल अली, नीलू, लालू पुत्रगण आमीन अली ने ग्राम सभा में एक भट्ठा लगाया है।
उक्त रास्ते पर उक्त लोगों ने कब्जा कर रखा है। हाल ही में रास्ते की जमीन पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। इसकी शिकायत मानीमऊ चौकी पुलिस से पहली अगस्त को की गई थी। लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद थाना दिवस में भी प्रार्थनापत्र दिया गया। चार व 18 अगस्त को तहसील दिवस में भी गुहार लगाई गई, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला। कार्रवाई न होने से कब्जेदारों के हौसले बुलंद हैं।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि आमीन अली भूमाफिया हैं, जो गुंडागर्दी पर उतारू हैं। गांव वाले इसी रास्ते से होकर गंगा तट पर आते-जाते हैं। यदि रास्ता खोल दिया जाए तो गंगा स्नानार्थियों को गंगा घाट तक पहुंचने में आसानी होगी। वहीं मुख्य मार्ग पर जाम की समस्या भी कम होगी। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन न चेता तो किसी भी समय उक्त रास्ते को लेकर विवाद हो सकता है।
मेहंदीपुर गांव के मामले की जांच कराई जाएगी। लेखपाल को भेजकर जमीनी हाल पता कराएंगे। इसके बाद शिकायत का नियमानुसार निस्तारण कराया जाएगा। यदि आम रास्ते पर कब्जा निकलता है तो उसे मुक्त कराकर दोषियों पर कार्रवाई कराएंगे।
- सुनील कुमार शुक्ला, एसडीएम सदर।