कोविड अस्पताल कनपटियापुर में खाना की गुणवत्ता व गंदगी को लेकर गेट के बाहर हंगामा करते संक्रमित
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। जिले के कोविड अस्पताल एल-वन में अव्यवस्थाओं को लेकर मरीजों ने सोमवार को फिर हंगामा किया। मरीजों ने भोजन घटिया होने और सफाई न होने का आरोप लगाया। अस्पताल परिसर में करीब आधा घंटे तक हंगामा चलता रहा। स्वास्थ्य अधिकारियों ने किसी तरह उन्हें समझाकर शांत किया।
गौतम बुद्ध मेडिकल कालेज एंड हास्पिटल के अस्थायी कोविड अस्पताल में भर्ती मरीज सुबह करीब 11 बजे बाहर निकल आए। घटिया भोजन और अस्पताल परिसर व वार्ड में सफाई न होने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। मरीजों के बाहर निकलने से आसपास खेतों में काम कर रहे किसान भागे। राहगीर भी संक्रमण के डर से लौट गए। करीब आधा घंटे तक हंगामा चलता रहा। सूचना पर पहुंचे स्वास्थ्य अधिकारियों ने संक्रमितों को शांत कराकर वार्ड में भेजा।
संक्रमितों ने कहा कि कई बार प्रदर्शन के बाद भी भोजन की गुणवत्ता में सुधार नहीं हो रहा है। नियमित सफाई भी नहीं कराई जा रही है। शौचालयों से लेकर परिसर में गंदगी फैली हुई है। सीएमओ डा. कृष्ण स्वरूप ने बताया कि कुछ अराजकतत्व संक्रमित मेडिकल कालेज में भर्ती कराने और होम आइसोलेशन की मांग कर रहे हैं। मांग पूरी न होने पर अन्य मरीजों को भ्रमित कर हंगामा करा रहे हैं। ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।