कन्नौज। स्कूल में बच्चों को मिड-डे मील बांटने की अनदेखी करना वहां की प्रधानाध्यापिका को महंगा पड़ गया। ग्राम प्रधान की शिकायत के आधार पर प्रभारी बीएसए/डीआईओएस ने प्रधानाध्यापिका को निलंबित कर दिया है। उन्हें सदर बीआरसी से संबंद्ध कर नगर क्षेत्र व सदर बीईओ को मामले की जांच का आदेश देकर 15 दिन में रिपोर्ट मांगी गई है।
सदर ब्लॉक के भुगैतापुर के ग्राम प्रधान ने बीएसए से शिकायत की थी। प्रधान का आरोप था कि भोजन निधि का खाता संयुक्त रूप से संचालित नहीं किया जा रहा था। इस पर सदर ब्लॉक के बीईओ बाकायदा कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इसके बाद भी प्रधानाध्यापिका ने मध्यान्ह भोजन निधि का खाता संयुक्त नहीं किया। इससे मिडडे मील योजना बाधित हुई। इस बारे में जिला विद्यालय निरीक्षक व प्रभारी बीएसए डा. पूरन सिंह ने बताया कि मामले का संज्ञान लेते हुए पिछले सप्ताह 18 नवंबर 2023 को सहायक अध्यापक तेज प्रकाश को विद्यालय में मध्यान्ह भोजन योजना का संचालन ग्राम सभा भुगैतापुर के प्रधान के साथ मध्यान्ह भोजन निधि के खाते को संयुक्त कराते हुए 21 नवंबर 2023 को भोजन वितरण करने के निर्देश दिए। इसके बाद भवविद्यालय में बच्चों को दोपहर का भोजन नहीं दिया गया। इसी प्रकरण में प्राथमिक विद्यालय भुगैतापुर की प्रधानाध्यापिका शीला वर्मा को निलंबित कर दिया गया। उन्हें सदर बीआरसी से सम्बद्ध करते हुए नगर व सदर ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी को जांच देकर अगले 15 दिन में पूरे प्रकरण की रिपोर्ट मांगी गई है।