तालग्राम। इलाके में कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है। कुत्तों ने तीन बच्चों को काटकर घायल कर दिया। सभी को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। आए-दिन यह कुत्ते लोगों का शिकार बना रहे हैं। रात में गली-मोहल्लों में कुत्तों का आतंक व्याप्त रहता है। रात व दिन में बाइकों से निकलने वालों के पीछे यह कुत्ते भाग पड़ते हैं। कुत्तों के डर से रात में लोग गलियों में जाने से भी डरते हैं। रविवार को तीन बच्चों को कुत्तों ने काट लिया। जबकि कई लोगों को पहले भी काट चुके हैं। भवानीसराय निवासी निशा (7), कस्बा तालग्राम ईशू (9), नौसारा के आयुष (4) को कुत्तों ने काट लिया। सीएचसी में रैबीज इंजेक्शन और इलाज किया गया। जबकि कुछ दिन पहले भवानीसराय निवासी लोकेंद्र कुमार(30) व उमेश चंद्र (50) को भी कुत्ते ने काट लिया था। डॉ. सिद्धार्थ चौधरी ने बताया कि सोमवार 15 लोगों को एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाए गए हैं। जिनमें तीन बच्चों को पहली डोज दी गई है। शेष को दूसरी व तीसरी डोज दी गई है। (संवाद)