ठठिया। शादी के इरादे से पुलिस की शरण में भाग कर आए प्रेमी प्रेमिका की मुश्किलें बढ़ गईं। प्रेमिका के परिजनों ने प्रेमी के खिलाफ बहला-फुसलाकर लड़की को गायब करने की रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
ठठिया पुलिस के पास शुक्त्रस्वार को घर से भाग कर एक प्रेमी जोडे़ ने शरण ली थी। प्रेमिका कन्नौज कोतवाली क्षेत्र के गांव की थी। जबकि प्रेमी ठठिया थाना क्षेत्र का था। दोनों लोगों ने शादी करवाने की मांग की थी। उन्होंने पुलिस को बताया था कि वह लोग अंतर्जातीय है। इस वजह से उनके परिजन शादी नहीं करना चाहते। दोनों ने साथ जीने मरने की कसम खाई है। पुलिस ने प्रेमी प्रेमिका की जिद को देख उनके परिजनों को बुलाया था। प्रेमिका के परिजनों ने युवक पर बहला फुसलाकर भगा कर लाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी। जिसके बाद शनिवार को पुलिस ने प्रेमी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि परिजनों ने नाबालिग बेटी को गुमराह कर गायब करने की लड़के के खिलाफ तहरीर दी है। जिसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई है।