छिबरामऊ (कन्नाैज)। नगर के निगम मंडी के पास स्थित एक किराये के मकान में मंगलवार की देर रात गर्भवती विवाहिता की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची यूपी-112 पुलिस ने बंद दरवाजा तुड़वाकर महिला को बाहर निकाला और 100 शैया अस्पताल पहुंचाया।वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मूल रूप से थाना विशुनगढ़ के मोहल्ला नुनार निवासी शिवेंद्र सिंह पत्नी शोभा (30) के साथ छिबरामऊ में निगम मंडी के पास किराये के मकान में रहते हैं। शिवेंद्र ने बताया कि वह मिघौली स्थित अजय यादव के देसी शराब ठेके पर नौकरी करता है। रात में जब वह घर लौटा तो काफी देर तक आवाज देने और दरवाजा खटखटाने के बावजूद पत्नी ने गेट नहीं खोला। अनहोनी की आशंका होने पर उसने यूपी-112 पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने मकान का दरवाजा तुड़वाया और शोभा को बाहर निकालकर अपनी गाड़ी से 100 शैया अस्पताल लेकर पहुंची। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार महिला की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है।
शिवेंद्र ने बताया कि उसकी शादी 20 जून 2023 को कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मरखरा निवासी युवती शोभा से हुई थी। परिजनों के मुताबिक शोभा तीन माह की गर्भवती थी। दंपती दो वर्षों से गिरीश चंद्र यादव फौजी के मकान में किराये पर रह रहे थे। मकान मालिक वर्तमान में लखनऊ में रहते हैं, जबकि यहां किरायेदार ही रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। कोतवाल कपिल दुबे का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी नहीं हैं। घटना की जांच की जा रही है।