सन्मार्ग संस्था के पंडाल में गोल्ड मेडलिस्ट मनु पाल को सम्मानित करते जिलाधिकारी रवींद्र कुमार, ?
- फोटो : KANNAUJ
कन्नौज। मकरंदनगर में सन्मार्ग संस्था के पंडाल में चल रहे दुर्गा महोत्सव में आखिरी दिन महा आरती में भीड़ उमड़ी। आचार्य ने विधि-विधान से आरती कराई। महा आरती के बाद विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को जिलाधिकारी रवींद्र कुमार, नगर पालिका परिषद चेयरमैन शैलेंद्र अग्निहोत्री, समिति के संरक्षक सुनील कुमार गुप्त ने शील्ड व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
दुर्गा पूजा पंडाल में आयोजित शिल्पकला, फैंसी ड्रेस, रंगोली, कलश सजाओ, मेहंदी सजाओ प्रतियोगिता के विजेता छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। केके इंटर कालेज के योगेंद्र सिंह, एसडी गर्ल्स इंटर कालेज की ज्योति, दिव्यांशी मिश्रा को कन्नौज गौरव के खिताब से नवाजा गया। कार्यक्रम में छिबरामऊ की लॉन बाल्स खिलाड़ी गोल्ड मेडलिस्ट मनु पाल को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि धार्मिक कार्यक्रमों में बच्चों का प्रोत्साहित करना अच्छी पहल है। इससे प्रतिभाओं में निखार आता है। पुरस्कार वितरण के बाद जागरण हुआ। कलाकारों ने भक्ति गीतों से मुग्ध कर दिया।
शहर के देवी पंडालों में हुआ भंडारे का आयोजन
शहर में सन्मार्ग संस्था के दुर्गा पूजा पंडाल, सिपाही ठाकुर, चौहट्टा, फर्श रोड, भूड़ा मंदिर सहित अन्य देवी पंडालों में सुबह कन्या भोज का आयोजन हुआ। सैकड़ों की संख्या में कन्याओं को भोज कराया गया। लोगों ने पूरे दिन पूड़ी, सब्जी, खीर, हलुआ का प्रसाद ग्रहण किया। वहीं जिला अस्पताल के कर्मचारियों ने अस्पताल परिसर में भंडारे का आयोजन किया। जिला अस्पताल में दोपहर 12 बजे खुली ओपीडी में दवा लेने के लिए पहुंचे मरीजों, तीमारदारों, अस्पताल के स्टाफ को भंडारा का प्रसाद ग्रहण कराया गया।