भाजपा नेताओं से चर्चा करते राज्यमंत्री लाखन सिंह।
- फोटो : KANNAUJ
तिर्वा(कन्नौज)। कृषि शिक्षा व कृषि अनुसंधान केंद्र राज्यमंत्री लाखन सिंह ने कहा कि जल्द ही सरकार प्रदेश में 20 कृषि विज्ञान केंद्रों की शुरुआत करने जा रही है। यहां पर किसानों को प्रशिक्षण के साथ नए बीज मिलेंगे। उन्हें आधुनिक व तकनीकी खेती करने के गुर सीखने को भी मिलेंगे।
राज्यमंत्री शुक्रवार को कस्बे के कल्याण सिंह महाविद्यालय में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। कालेज प्रशासन और भाजपा नेताओं ने उनका स्वागत किया। राज्यमंत्री ने महाविद्यालय में पौधरोपण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार किसानों के हित में काम कर रही। किसानों को सरकार का साथ देना होगा। पर्यावरण को बचाने के लिए पराली न जलाएं। पराली जलाने से खेतों प्रदूषण को बढ़ावा मिलता है वहीं खेतों की उर्वरक शक्ति नष्ट हो जाती है। इससे खेतों में फसल की बेहतर पैदावार नहीं होती। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द 20 कृषि विज्ञान केंद्र अलग-अलग जिलों में खोलने जा रही है। यहां किसानों को प्रशिक्षण व बेहतर उपज के लिए गुर सिखाए जाएंगे। उन्होंने कार्यक्रम के बाद भाजपा नेताओं से चर्चा की।
इस मौके पर विधायक कैलाश राजपूत, ब्लाक प्रमुख अजय वर्मा, लालता प्रसाद वर्मा, प्रतीक समेत अन्य लोग मौजूद रहे।