अमोलर। कई दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद अब लोगों को बिजली रूला रही है। विद्युत उपकेंद्र की इनकमिंग मशीन में गुरुवार की देर रात फाल्ट आने से 30 गांवों की बिजली 15 घंटे गुल रही। इससे घरेलू कामकाज से लेकर पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित रहा। कर्मचारियों ने काफी मशक्कत के बाद खराबी को दूर कर शुक्रवार दोपहर एक बजे आपूर्ति बहाल कराई।
अमोलर विद्युत उपकेंद्र की इनकमिंग मशीन में तकनीकी खराबी आने से सीतापुरवा, माधौनगर, मवैया, नैपालपुर, ककराह, कैथनपुरवा, बरियापुरवा, दलापुरवा आदि 30 गांवों की बत्ती रात में ठप हो गई। अचानक बिजली गुल होने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। पूरी रात और दोपहर तक आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बिजली न आने से घरों में लगे पंखे और कूलर बंद हो गए। वहीं, पेयजल की व्यवस्था भी प्रभावित रही। मोबाइल चार्ज करने के लिए भी लोगों को परेशान होना पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन बिजली आपूर्ति बाधित होने से उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अवर अभियंता भूपेंद्र सिंह का कहना है कि इनकमिंग मशीन में फाल्ट होने से कुछ पुर्जे डेमेज हो गए थे। उन्हें सही कराकर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।