कन्नौज। मोहल्ला अजयपाल निवासी महिला के पीठ में धंसे चाकू को हैलट अस्पताल में शुक्रवार को चिकित्सकों ने निकाला। महिला की हालत नाजुक है। उधर, पुलिस ने पति की तहरीर पर हमलावर युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
शहर के मोहल्ला अजयपाल निवासी नन्हें की शराब ठेका के पास पान मसाला बिक्री के लिए गुमटी रखे है। गुरुवार की देर रात पत्नी गीता देवी (26) दुकान पर थी। तभी अहमदी टोला निवासी लवी ने उधार सिगेरट मांगी थी पर गीता ने मना कर दिया। तब लवी ने गीता देवी की पीठ में चाकू घोंप दिया था। परिजन पीठ में धंसे चाकू के साथ गीता देवी को जिला अस्पताल ले गए थे। वहां चिकित्सकों ने कानपुर के लिए रेफर कर दिया था। कोतवाली प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि नन्हें की तहरीर पर आरोपी लवी के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।