फुटपाथ पर लगी दुकानों को हटाने को लेकर दुकानदारों व
पुलिस के मध्य तीखी नोकझोंक हुई। व्यापारियों का आरोप है कि पुलिस त्योहार
पर ही अतिक्रमण हटवाती है, जिससे उन लोगों के समक्ष रोजी-रोटी की समस्या आ
रही है।
दीपावली के त्योहार को लेकर कस्बे के जीटी रोड, तिर्वा रोड पर
कई लोग खील, बतासा, खिलौना आदि की दुकानें लगाए हैं। शनिवार को एसएसआई रमेश
चंद्र पांडेय, कस्बा चौकी प्रभारी पप्पू सिंह ठेनुआ ने पुलिस बल के साथ
फुटपाथ पर लगी दुकानों को हटवाना शुरू कर दिया।
इससे कई दुकानदार लामबंद हो
गए। दुकानदार मुकेश, रवी, आशीष, महावीर का कहना है कि पर्व को लेकर उन
लोगों ने हजारों रुपये का सामान खरीदा है। सिर्फ तीन दिन के लिए फुटपाथ पर
अस्थायी दुकानें लगाई हैं। पुलिस उनको बेवजह परेशान कर रही है।
दूसरी ओर
कोतवाली पुलिस का कहना है कि फुटपाथ पर अतिक्रमण के चलते जीटी रोड पर जाम
लग जाता है, जिससे दुर्घटना की संभावना बनी रहती है। व्यापार मंडल के
जिलाध्यक्ष राजेश गुप्ता, नगर अध्यक्ष धर्मेंद्र कौशल का आरोप है कि पुलिस
इन दुकानदारों को बेवजह परेशान कर रही है।
दूसरी ओर डग्गामार वाहन चालक
सड़क के दोनों ओर पूरे दिन खड़े रहते हैं, पुलिस उन पर कोई कार्रवाई नहीं
करती। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि पुलिस उत्पीड़न न
रुका तो बड़े अफसरों से इसकी शिकायत की जाएगी।