कन्नौज। कानून व्यवस्था, महिला उत्पीड़न व आगामी चुनाव को लेकर बुधवार को जिला भ्रमण पर आई अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ ने कहा कि प्रभावी पुलिसिंग के लिए जिले में स्वीकृत तीन थाना सिकंदरपुर, कुसुमखोर व खैरनगर को बनाए जाने की प्रक्रिया जल्द ही पूरी की जाएगी। उन्होंने एसपी विनोद कुमार से इसके बारे में विस्तार से जानकारी ली।
वह दोहपर एक बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचीं और थाना प्रभारियों के साथ बैठक की। इसमें लंबित विवेचनाओं, महिला संबंधी अपराधों, साइबर अपराधों, ऑपरेशन कन्विक्शन, ऑपरेशन त्रिनेत्र, बीट पुलिसिंग तथा अपराध नियंत्रण संबंधी कार्यों की समीक्षा की। पत्रकारों से वार्ता में कहा कि जनपद में उनका पहला दौरा है, पुलिस की जो समस्याएं हैं, उनको समझने का प्रयास किया। राजनीतिक सरगर्मियों व व्यवसायिक दृष्टि से महत्वपूर्ण जिला है। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों के लिए जो दिशा निर्देश दिए जाने थे, वह पुलिस अधिकारियों से साझा किए।
उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ शिकंजा कसा जाए। पुलिस अधिकारी आम जनमानस में सहायक की भूमिका में रहें। जनसुनवाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने तकनीकी सहयोग लेकर प्रभावी पुलिसिंग के लिए अपडेट रहने के निर्देश दिए। कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जीरो टोलरेंस की नीति के तहत कार्रवाई करें। अपराधियों के साथ उनके सहायकों पर भी कार्रवाई हो। महिलाएं सुरक्षित रहें इसके लिए विशेष अभियान चलाए जाएं।महिलाओं की शिकायतों पर गौर कर जांच विवेचना न्यायोचित ढंग से की जाए। एडीजी ने पुलिस भर्ती परीक्षा केंद्र केके इंटर कॉलेज का भी निरीक्षण किया और प्रधानाचार्य अरुण कुमार शर्मा से जानकारी ली। इस दौरान डीआईजी हरीश चंदर, एसपी विनोद कुमार, एएसपी अजय कुमार समेत सभी सीओ व थाना प्रभारी उपस्थित थे।
व्यापारियों ने उठाई जाम की समस्या
व्यापारी नेताओं के साथ बैठक कर एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने उनकी समस्याएं व सुझाव लिए तथा पुलिस अधिकारियों काे आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। व्यापारियों ने मुख्य बाजार व सरायमीरा में जाम की समस्या के बारे में बताया। इस पर उन्होंने शीघ्र समस्या का निस्तारण कराने का आश्वासन दिया।
पुलिस लाइन व सदर कोतवाली का किया निरीक्षण
एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने बुधवार को बैठक के बाद पुलिस लाइन का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने आवासीय परिसर, मेस, बैरक, कार्यालयों तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। इसी प्रकार सदर कोतवाली का आकस्मिक निरीक्षण करते हुए अभिलेखों, अपराध रजिस्टरों, मालखाना, हवालात, सीसीटीएनएस कार्यों एवं जनसुनवाई व्यवस्था देखी और समीक्षा की।