कन्नौज। पुलिस ने अंतरराज्यीय ट्रैक्टर चोर गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर इनके कब्जे से 30 लाख कीमत के छह ट्रैक्टर बरामद किए हैं। गिरोह चोरी के बाद ट्रैक्टर के फर्जी कागजात तैयार कर इन्हें यूपी, एमपी और बिहार में बेचते थे। बनारस और एमपी से चोरी किया गया एक-एक ट्रैक्टर भी पुलिस के हाथ लगा है। एसपी ने गिरोह को पकड़ने वाली टीम को 20 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के फर्रुखाबाद चौराहे पर सर्विलांस, स्वाट टीम और छिबरामऊ कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर दो ट्रैक्टरों पर जा रहे चार लोगों को पकड़ा। इनसे पूछताछ के बाद पता चला कि यह ट्रैक्टर चोरी के हैं। इन्हें बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। पकड़े गए अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने छिबरामऊ के ग्राम टड़ा में आदित्य उर्फ लालू के हाते में छापा मारा। यहां से चार और ट्रैक्टर बरामद किए।
एसपी ने कार्यालय में पत्रकारों को बताया कि ट्रैक्टर चोरी करने वाला गिरोह यूपी के साथ ही मध्य प्रदेश और बिहार तक सक्रिय था। एक प्रदेश से ट्रैक्टर चोरी करने के बाद यह लोग फर्जी कागजात तैयार करते थे। उसे दूसरी जगह बेच देते थे। अभी तक गिरोह ने करीब 30 ट्रैक्टरों को चोरी करने की बात कबूली है। पुलिस के हाथ लगे ट्रैक्टरों में से एक बनारस और एक एमपी के शिवपुरी से चोरी करने की बात भी चोरों ने कबूल की। एसपी ने पुलिस टीम को बीस हजार का इनाम देने की घोषणा की है। इस दौरान एएसपी विनोद कुमार भी मौजूद रहे।
इंजन और चेचिस नंबर भी बदल देते थे
एसपी ने बताया कि गिरोह के सदस्य ट्रैक्टर चोरी करने के बाद उसका इंजन और चेचिस नंबर बिगाड़ कर दूसरा अंकित कर देते थे। नये इंजन और चेचिस नंबर के जरिए कागजात तैयार कर फर्जी नंबर लगा उसकी बिक्री कर देते थे। गिरोह में और भी सदस्य होने की बात सामने आई है। इनके बारे में पता लगाया जा रहा है।
इनकी हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने औरैया की नवीन बस्ती कस्बा बिधूना निवासी अशोक कुमार सिंह सिसौदिया पुत्र मेवाराम सिंह, छिबरामऊ के ग्राम टड़ा निवासी आदित्य यादव उर्फ लालू पुत्र वेद प्रकाश, विशुनगढ़ के ग्राम मटैना निवासी मकरंद यादव पुत्र गोरेलाल और मैनपुरी के ग्राम कल्यानपुर थाना बेबर निवासी आलोक कुमार यादव पुत्र रंगलाल यादव को गिरफ्तार किया है।
खुलासा करने वाली टीम में यह रहे शामिल
प्रथम टीम में सर्विलांस टीम प्रभारी आलोक कुमार राय, स्वाट टीम प्रभारी राकेश कुमार सिंह, क्रिमिनल इंटेलिजेंस विंग के मनोज कुमार, सिपाही विजय शंकर राय, कुलदीप यादव, दुष्यंत यादव, करन सिंह, प्रवीन कुमार, सुधीर कुमार, राहुल त्यागी, तेज प्रताप सिंह व कलीम खान शामिल रहे। द्वितीय टीम में छिबरामऊ कोतवाली प्रभारी बलराम मिश्रा, निरीक्षक विजय बहादुर वर्मा, उपनिरीक्षक योगेंद्र शर्मा, सिपाही जितेंद्र सिंह, मदन सिंह, गोमती प्रसाद व रामप्रकाश शामिल रहे।