कन्नौज। व्यापारी और डॉक्टर के घर चोरी की घटना के बाद से छिबरामऊ व गुरसहायगंज कोतवाली क्षेत्र के लोग आतंक से भयभीत है। पुलिस की कई टीमें चोरी का खुलासा नहीं कर पाई है। कई संगठन के लोग चोरी के खुलासे के लिए एसपी को ज्ञापन दे चुके हैं। ऐसे में दो शिक्षकों के यहां छह लाख की चोरी ने पुलिस को पसीने छोड़ने के लिए मजबूर कर दिया है।
गुरसहायगंज कोवताली क्षेत्र के व्यापारी मोहित गुप्ता परिवार सहित महाकुंभ में स्नान करने गए थे। चोरों ने मकान के ताले तोड़कर 50 लाख के जेवर व नकदी चोरी की थी। छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के डॉ. पवन त्रिपाठी के घर से चोर 22 दिन पहले 10 लाख की नकदी व जेवर चोरी करके ले गए थे। इस मामले में व्यापार मंडल, समाजवादी पार्टी सहित कई संगठन के लोग एसपी विनोद कुमार को चोरी की घटनाओं के खुलासे को लेकर ज्ञापन दे चुके हैं।
एसपी ने चोरियों के खुलासे को चुनौती मानकर एसओजी, सर्विलांस व स्थानीय पुलिस की कई टीमों को लगाया है। सर्विलांस के जरिए पुलिस ने संदिग्ध नंबरों की सूची बनाकर चोरों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन चोर भी शातिर निकले। वह घटनाओं को अंजाम देने आते समय मोबाइल लेकर नहीं आए थे। ऐसे में पुलिस मुखबिरों के सहारे चोरों को तलाशने का काम कर रही है।
एसपी विनोद कुमार का कहना है कि चोरी की सभी घटनाओं के खुलासे के लिए टीमों का गठन कर दिया गया है।