कन्नौज। कोरोना वायरस से निपटने के लिए समाज के हर वर्ग ने जनता कर्फ्यू का पालन किया। ऐसे में कुछ पुलिसकर्मियों की हरकत से लोग आहत हुए। दूध की दुकान खोले बैठे दुकानदार को पुलिस टीम ने पीट दिया। पीड़ित ने अधिकारियों से शिकायत की।
तिर्वा कोतवाली के गांव नथापुरवा निवासी श्रीराम चंद्र होमगार्ड जवान है। श्रीराम चंद्र के बेटे अमित वर्मा की शहर के एसडी कालेज के पास दूध की दुकान है। रविवार सुबह जनता कर्फ्यू के दौरान वह दुकान खोले था। तभी दुकान पर पहुंची पुलिस टीम दुकान बंद कराने लगी।
कर्फ्यू के दौरान दूध की दुकानों में ढील देने की बात कहने पर पुलिस टीम ने अमित वर्मा को पीट दिया। पीड़ित ने कोतवाल नागेंद्र कुमार पाठक कुमार को प्रार्थनापत्र देते हुए पुलिस टीम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सीओ सीटी श्रीकांत प्रजापति ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।