छिबरामऊ। सिकंदरपुर चौकी क्षेत्र के नगला सदारी गांव के युवक ने दबिश के नाम पर पुलिस पर घर में घुसकर महिलाओं से अभद्रता करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
ग्राम सदारी नगला निवासी रवि कुमार ने बताया कि गांव के कुछ लोग उससे रंजिश मानते हैं। 18 अप्रैल की रात करीब 10 बजे आरोपियों के कहने पर चौकी पुलिस बिना किसी वारंट या रवानगी के उसके घर में घुस आए। आरोप है पुलिस कर्मियों ने उसकी पत्नी, मां व बच्चों से अभद्रता की। दबिश का कारण पूछने पर गाली-गलौज करते हुए झूठे मुकदमे में फंसा कर जेल भेजने की धमकी दी। पुलिस की अभद्रता व अकारण दबिश से उसकी पत्नी की हालत बिगड़ गई, उसका इलाज निजी चिकित्सक के यहां चल रहा है। पीड़ित ने पुलिस पर उसकी सामाजिक प्रतिष्ठा को धूमिल करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल कपिल दुबे ने बताया कि लड़की को ले जाने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी की तलाश में लोकेशन मिली थी, उसी आधार पर दबिश दी गई थी। पुलिस टीम केवल पूछताछ के लिए की गई, अभद्रता व गाली-गलौज का आरोप बेबुनियाद है।