गुरसहायगंज। रोडवेज बसों में जहरखुरानी गिरोह का आतंक बढ़ गया है। बस में सवार पीएसी के जवान को जहरखुरानों ने नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद जवान से नकदी और सामान लूट लिया। बस के चालक और परिचालक ने मानवता को शर्मसार करते हुए बेहोशी की हालत में चौराह पर छोड़ दिया।
कस्बे समधन निवासी नायाब सिद्दीकी (32) पीएसी में आरक्षी के पद पर तैनात हैं। मौजूदा समय उनकी तैनाती एटा में है। सोमवार की रात वह एटा से बस में सवार होकर घर आ रहा था। रास्ते में जहरखुरानों ने उसे नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और 30 हजार की नकदी और सामान लूट लिया। रात 11 बजे रोडवेज बस के गुरसहायगंज पहुंचने पर परिचालक ने जब जवान को बेहोशी की हालत में देखा तो कस्बे के मुख्य चौराने पर पुलिस चौकी के पास छोड़ दिया। वर्दी पहने जवान को बेहोश पड़ा देखकर लोगों ने पुलिस को जानकारी दी।
चौकी प्रभारी शशिकांत कनौजिया ने नायाब को इलाज के लिए सीएचसी भर्ती कराया। जेब में मिले आईकार्ड को देखकर पिता महफिल सिद्दीकी और भाई अयाज को जानकारी दी। भाई अयाज ने बताया कि नायाब को होश आ गया है। जहरखुरानों ने 30 हजार की नकदी और सामान लूट ली। एएसपी अरविंद कुमार ने बताया कि जहखुरानों की तलाश की जा रही है।