सांसद डिंपल यादव के गोद लिए गांव सैय्यदपुर सकरी में हुए कार्यों की पड़ताल शुरू हो गई है। मंगलवार को गांव में पहुंचे मुख्यमंत्री के निजी सचिव गजेंद्र सिंह ने किसानों से मुआवजे की जानकारी ली। उन्होंने गांव में भ्रमम कर कराए जा रहे विकास कार्यों को भी देखा। स्कूलों से लेकर गलियों तक की सफाई दुरुस्त करने को कहा।
सांसद डिंपल यादव के गोद लेने के बाद सैय्यदपुर सकरी में तमाम विकास कार्य कराए जा रहे हैं। लेकिन ओलावृष्टि एवं बारिश के बाद भी सांसद ने इस गांव के किसानों का दर्द पूछने की जरूरत नहीं समझी। अमर उजाला ने 14 अप्रैल को ‘मरहम लगाना तो दूर, दर्द भी नहीं पूछा’ शीर्षक से खबर प्रकाशित कर ग्रामीणों का दर्द बयां किया।
खबर छपने के बाद स्थानीय सपाई भी गांव में पहुंचे और मंगलवार को मुख्यमंत्री के निजी सचिव गजेंद्र सिंह गांव में पहुंचे। उन्होंने जल निगम के अधिशाषी अभियंता राजेंद्र सिंह को निर्देश दिए कि पानी टंकी निर्माण में तेजी लाएं और गुणवत्ता का विशेष ख्याल रखा जाए। ग्राम प्रधान इखलाक खां सहित अन्य ग्रामीणों ने गांव के पुराने तालाब का सौंदर्यीकरण कराने की मांग की।
इस पर जल निगम के अधिशाषी अभियंता को निर्देश दिए गए कि तालाब को सौंदर्यीकरण और वाटर रिचार्जिंग के प्रोजेक्ट का स्टीमेट तैयार कर शासन को भेजें। वन दरोगा को निर्देश दिए कि छायादार पौधों को लगाने के साथ ही ट्री गार्ड लगवाएं।
निजी सचिव ने सपा के पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि डीएम से मिलकर गांव में मंजूर 50 से ज्यादा सीसी गलियों का निर्माण प्रत्येक दशा में मई के प्रथम सप्ताह तक शुरू करा दिया जाए। उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर गांव में बारात घर निर्माण कराए जाने का भरोसा दिलाया।
इसके बाद वह ठठिया क्षेत्र के लोहिया गांव सिसैयनपुर्वा पहुंचे। ग्रामीण छविनाथ, कुलदीप सहित अन्य लोगों ने शिकायत रखी कि गांव में विद्युतीकरण कराए जाने का प्रस्ताव विगत छह माह पहले मंजूर हो चुका है। लेकिन विद्युतीकरण काम शुरू नहीं हुआ है।
लोहिया पथ कर्री पुलिया से ठठिया भदौसी होते हुए मकनपुर तक मंजूर हुआ था, लेकिन ठठिया के आगे 12 किमी हिस्सा छोड़ दिया गया। इस पर निजी सचिव ने दोनों कार्यो को शुरू कराने के लिए कहा। प्रधान संजय कटियार ने अवगत कराया कि गांव में 350 किसानों की फसलें बर्बाद हुई थी। इसमें सिर्फ 25 किसानों को राहत चेक मिली है। उन्होंने तत्काल सभी किसानों को चेक दिलवाने के निर्देश दिए।
इसके बाद जलालपुर पनवारा गांव के पास मार्ग दुर्घटना में घायल लोगों को देखने के लिए वह जिला अस्पातल पहुंचे। इस दौरान जिलाध्यक्ष मुन्ना दरोगा, पूर्व ब्लाक प्रमुख नवाब सिंह यादव, हसीब हसन, भोले कुरैशी, सलमान, गुफरान सिद्दीकी, नीलू यादव, सतेंद्र यादव, डा.ज्योति सिंह, श्याम सिंह यादव, जितेंद्र पहलवान मौजूद रहे।
पचास गांवों का हो रहा कायाकल्प
सीएम के निजी सचिव ने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि केंद्र सरकार ने आदर्श ग्राम योजना में एक गांव गोद लेने का प्रस्ताव तो पारित कर दिया, लेकिन गोद लिए गांवों में विकास कार्य कराने के लिए फूटी कौड़ी नहीं दी जा रही है। राज्य सरकार अपने कोष के जरिए विकास कार्य करा रही है। प्रदेश की सरकार विधायकों को पांच जनेश्वर ग्राम, पांच लोहिया ग्राम में विकास कार्य कराए जाने के लिए पैसा दे रही है। संसदीय क्षेत्र से पांच विधायक पचास गांवों का कायाकल्प कर रहे हैं।
सीएम तक पहुंचाएंगे शिकायत
सीएम के निजी सचिव ने पार्टी कार्यालय पर पहुंचकर कार्यकर्ताओं से भी रूबरू हुए। इस दौरान कई ने पार्टी में तरजीह न मिलने की शिकायत रखी। इस दौरान निजी सचिव ने कहा कि विद्युत विभाग से संबंधित तमाम शिकायतें मिल रही हैं। इस फीड बैक को सांसद व मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे। जिसके आधार पर कार्रवाई होगी।
हर पंद्रह दिन में होगी समीक्षा
निजी सचिव ने कहा कि संसदीय क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का त्वरित गति से निराकरण कराया जाएगा। हर दिन में अफसरों को दिए गए निर्देशों की समीक्षा होगी। यदि सुधार कराने के लिए दोबारा आना पड़ा तो फिर दौरा किया जाएगा।