सदर ब्लाक के सभागार में बुधवार को क्षेत्र पंचायत की बैठक आयोजित की गई। इसमें कई जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों को दी गई। इंदिरा आवास के लाभार्थियों की सूची पढ़कर सुनाई गई।
ब्लाक प्रमुख कुसुम यादव की अगुवाई में आयोजित बैठक में सरकार की तरफ से चल रहीं योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक समझाया गया। आह्वान किया गया कि इंदिरा आवास, लोहिया आवास, पेंशन समेत अन्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाएं।
एडीओ शिवमूर्ति पांडेय ने कहा कि प्रधान व बीडीसी गांव में विकास कार्य तेजी से कराएं। यदि कहीं पर कोई समस्या है तो प्रधान ब्लाक आकर समस्या बता या शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
महाप्रबंधक सुनील श्रीवास्तव ने बताया कि सहकारिता विभाग की कोआपरेटिव बैंक सीबीएस कर दी गई है। किसानों को अधिक से अधिक संख्या में इससे जोड़कर लाभांवित कराएं। बैंक के जरिए लेनदेन करें बीडीओ साधना दीक्षित ने इंदिरा आवास, लोहिया आवास, समाजवादी पेंशन योजना आदि की जानकारी दी।
287 इंदिरा ब्लाक क्षेत्र के गांवों में भेजे गए हैं, जिनके लाभार्थियों की सूची पढ़कर सुनाई गई। इस दौरान रौनी के प्रधान इकरार, प्रधान रामदास, बहादुरपुर उज्जैना के प्रधान ओमप्रकाश, तेरामल्लू के प्रधान राजू सिंह, बेहरिन के प्रधान हरिबक्श सिंह आदि मौजूद रहे।
---
बदइंतजामी पर भड़के जिलाध्यक्ष
प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष राम लड़ैते कुशवाहा ने सदर ब्लाक में आयोजित बैठक के दौरान बदइंतजामी पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि 73 ग्राम पंचायतों के प्रधानों व बीडीसी की बैठक छोटे से सभागार में की जाती है, जहां बैठने के लिए हर बार कुर्सियां कम पड़ जाती हैं।
पीछे के कमरे में बैठने वाले प्रधान अपनी बात तक अफसरों के सामने नहीं रख पाते। कई बार ब्लाक के अधिकारियों व कर्मचारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। उधर, ब्लाक के वरिष्ठ बाबू यादराम पाल का कहना है कि बैठने के लिए पर्याप्त जगह रहती है। तमाम कुर्सियां खाली पड़ी रहती हैं। प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष की शिकायत उचित नहीं है।