परिजनों से घटना की जानकारी लेती पुलिस।
- फोटो : KANNAUJ
तिर्वा (कन्नौज) । इंदरगढ़ के कन्हईपुर्वा गांव में शुक्रवार को पिता की डांट से क्षुब्ध इंटरमीडिएट के छात्र सचिन (16) ने धारदार हथियार से खुद का गला रेत लिया। मेडिकल कालेज में इलाज के दौरान मौत हो गई। परिजनों ने एसपी को बताया कि सचिन ने पिता के डांटने पर आत्महत्या की है। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कही है।
कन्हईपुर्वा निवासी करन सिंह का बेटा सचिन उमर्दा कस्बे में स्थित राजकीय इंटर कालेज में कक्षा 12 का छात्र था। वह तीन भाई सोनू व सत्यभान से छोटा था। सचिन शुक्रवार को किसी बात पर नाराज हो गया। वह स्कूल नहीं गया। घर के सभी लोग गांव में बन रहे दूसरे मकान पर चले गए। वह घर पर अकेला था। करन और सोनू घर पहुंचे तो सचिन को कमरे में खून से लथपथ पड़ा देखा। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जानकारी पर एसपी अमरेंद्र सिंह, थानाध्यक्ष सुजीत वर्मा ने मेडिकल कालेज पहुंचकर परिजनों से घटना की जानकारी ली।
सचिन के पिता करन सिंह ने एसपी व अन्य अफसरों को बताया कि स्कूल न जाने के कारण सचिन को उन्होंने शुक्रवार सुबह डांट दिया था। सभी लोग बन रहे मकान के पास चले गए थे। सचिन घर में अकेला था। इसी दौरान उसने आत्महत्या कर ली। थानाध्यक्ष सुजीत वर्मा ने बताया कि करन ने तहरीर नहीं दी है। फौती सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं एसपी ने बताया कि सभी बिंदुओं पर जांच की रही है।
पुलिस बरामद नहीं कर सकी हथियार
धारदार हथियार से छात्र के आत्महत्या किए जाने से गांव में हड़कंप है। पुलिस ने घटनास्थल पर छानबीन की। आत्महत्या में प्रयुक्त हथियार नहीं मिला। थानाध्यक्ष सुजीत वर्मा ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है। अगर तहरीर मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।